Bihar News: बिहार में उद्योग और निवेश से जुड़ी मंजूरियों की प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में उद्योग विभाग ने रिवैम्प्ड Single Window Clearance Portal लॉन्च किया है। विभाग के अनुसार, नए सिस्टम के लाइव होने के बाद अब 9 विभागों की 62 सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
पोर्टल को उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने लॉन्च किया। कार्यक्रम में बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग के अध्यक्ष सुरेश रूंगटा, उपाध्यक्ष अरविंद निराला, उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एक ही प्लेटफॉर्म से मिलेगी कई मंजूरियों की जानकारी
नए पोर्टल के जरिए निवेशक अपने प्रोजेक्ट के लिए जरूरी स्वीकृतियों की पहचान कर सकेंगे। इसके अलावा लाइसेंस के लिए आवेदन करने, पहले से मिले लाइसेंस और दस्तावेज अपलोड करने तथा आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देखने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे अलग-अलग विभागों की वेबसाइट पर जाने की जरूरत कम करने का प्रयास किया गया है।
KYA मॉड्यूल से पता चलेगा कौन-कौन सी मंजूरी जरूरी
पोर्टल में अपडेट किया गया Know Your Approval (KYA) मॉड्यूल निवेशकों को प्रोजेक्ट के चरण के हिसाब से आवश्यक अनुमतियों की जानकारी देगा। निवेशक यह देख सकेंगे कि उनका प्रोजेक्ट Pre-Establishment या Pre-Operation चरण में है और उसके लिए किन मंजूरियों की जरूरत होगी। संबंधित स्वीकृतियों को सीधे आवेदन सुविधा से जोड़ा गया है।

इन विभागों की सेवाएं एकीकृत
Single Window Portal पर बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन, विधिक माप विज्ञान, जल संसाधन, अग्निशमन, ऊर्जा (DISCOM), पर्यावरण एवं वन, पथ निर्माण तथा राजस्व एवं भूमि सुधार से जुड़ी सेवाओं को शामिल किया गया है।
आवेदन से पहले भी मिलेगी Investor Facilitation
नए सिस्टम में Register Your Intent, Strategic Partnership और Investor Facilitation जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। इनके जरिए निवेशक औपचारिक आवेदन से पहले संबंधित क्षेत्र और जिला स्तर के अधिकारियों से संपर्क, अपॉइंटमेंट बुकिंग और जरूरी संपर्क जानकारी हासिल कर सकेंगे।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार के अनुसार, नए Single Window सिस्टम से स्वीकृति प्रक्रिया में पारदर्शिता और आवेदन की स्थिति देखने की सुविधा बेहतर होगी। उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने इसे बिहार के Ease of Doing Business सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। विभाग के मुताबिक, आने वाले समय में Single Window व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

