Bihar News: बिहार सरकार राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। 24 जुलाई को पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नियुक्ति-पत्र, खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र और खेल सम्मान राशि प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए राज्य सरकार एक बार फिर यह संदेश देगी कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और अवसर दोनों मिलेंगे।
समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव के साथ खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहेंगी।
‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 19 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जाएगी।
इनमें भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। वहीं एथलेटिक्स खिलाड़ी पियूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (SI) बनाया जाएगा। इसके अलावा पांच पैरा खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेलों के कई अन्य खिलाड़ियों को भी नियुक्ति-पत्र सौंपे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार 180 खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दे चुकी है, जो राज्य के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेल सम्मान योजना के तहत नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले तथा एथलेटिक्स में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
इसी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विभास्कर कुमार को 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
वहीं, कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप-2026 की ब्लिट्ज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली महरयम फातिमा को 9 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
637 खिलाड़ियों को मिलेगा खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र
समारोह के दौरान बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत कुल 637 खिलाड़ियों को चयन-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
यह छात्रवृत्ति तीन श्रेणियों में दी जाएगी—
- उत्कर्ष योजना: 21 खिलाड़ी
- सक्षम योजना: 184 खिलाड़ी
- प्रेरणा योजना: 432 खिलाड़ी
इन योजनाओं के तहत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण, खेल उपकरण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और खेल विज्ञान से जुड़ी सुविधाओं के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। योजना के अनुसार खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष 3 लाख रुपये से लेकर 20 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
विशेष बात यह है कि प्रेरणा योजना के तहत चयनित 432 खिलाड़ियों में से 269 खिलाड़ियों का चयन राज्यव्यापी ‘मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम’ के माध्यम से हुआ है।
खेलों में बिहार को नई पहचान देने की पहल
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के अनुसार सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। सरकार का मानना है कि इस तरह की योजनाएं बिहार को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

