Bihar News: बिहार सरकार ने सहकारी बैंकों को मजबूत बनाने और किसानों व महिलाओं तक बैंकिंग सुविधाओं को पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री Ram Kripal Yadav ने सहकारी बैंकों के वित्तीय प्रदर्शन, ऋण वितरण और बैंकिंग योजनाओं की समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश दिए।
बैठक में बढ़ते NPA (नॉन परफॉर्मिंग एसेट) पर चिंता जताते हुए मंत्री ने कहा कि ऋण वसूली में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महिलाओं के लिए लॉन्च हुई दो बड़ी योजनाएं
बैठक के दौरान मंत्री ने बिहार राज्य सहकारी बैंक की दो नई योजनाओं—‘नारी समृद्धि योजना’ और ‘नारी शक्ति स्वरोजगार योजना’ का शुभारंभ किया।
‘नारी समृद्धि योजना’ महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जिसके तहत महिलाएं अपनी बचत को सुरक्षित रख सकेंगी और बेहतर रिटर्न प्राप्त कर सकेंगी। वहीं ‘नारी शक्ति स्वरोजगार योजना’ के तहत महिला उद्यमियों को ऋण पर विशेष ब्याज छूट देने का प्रावधान किया गया है।
SHG और JLG महिलाओं को प्राथमिकता पर मिलेगा लोन
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं के स्वयं सहायता समूह (SHG) और संयुक्त देयता समूह (JLG) को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सहकारी बैंकों की योजनाओं का गांव-गांव तक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं और किसान इसका लाभ उठा सकें।
किसानों के लिए KCC लोन पर बड़ा जोर

बैठक में किसानों को PACS के माध्यम से अधिक से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि पैक्सों के जरिए KCC ऋण वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
लोन लेकर फरार होने वालों पर होगी FIR
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने बढ़ते NPA पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि बैंक ऋण लेकर फरार होने वाले लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए और ऋण वसूली अभियान तेज किया जाए।
उन्होंने कहा कि ऋण वसूली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जल्द शुरू होंगी आधुनिक बैंकिंग सेवाएं

बैठक में CBS Upgradation के बाद IFSC, Mobile Banking और IMPS जैसी आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं को जल्द शुरू करने का निर्देश भी दिया गया। इसके साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने और ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
मंत्री ने कहा कि राज्य के समग्र विकास में सहकारी बैंकों की भूमिका बेहद अहम है और सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

