Bihar News: बिहार की कला-संस्कृति को मिलेगा नया मंच, लॉन्च हुई ‘कला संवाद’ पत्रिका

0
5

Bihar News: बिहार की समृद्ध कला और सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान दिलाने की दिशा में कला एवं संस्कृति विभाग ने अहम पहल की है। विभाग द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक पत्रिका ‘कला संवाद’ के दूसरे अंक का शुक्रवार को भव्य विमोचन किया गया। इस अवसर पर कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि यह पत्रिका विभाग और कला प्रेमियों के बीच मजबूत संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

विमोचन कार्यक्रम में विभाग के सचिव प्रणव कुमार, संग्रहालय निदेशालय के निदेशक कृष्ण कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अमृता प्रीतम, आंतरिक वित्तीय सलाहकार राणा सुजीत कुमार टुनटुन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि ‘कला संवाद’ प्रत्येक तीन महीने पर नियमित रूप से प्रकाशित की जाएगी। इसमें कला एवं संस्कृति विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों, गतिविधियों और महत्वपूर्ण आयोजनों की विस्तृत एवं प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि विभाग से जुड़ी प्रामाणिक और व्यवस्थित साहित्य सामग्री की कमी को देखते हुए इस पत्रिका की शुरुआत की गई है। यह पत्रिका कलाकारों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।

मंत्री ने कहा कि इस पत्रिका के जरिए लोगों को विभाग की योजनाओं और सांस्कृतिक गतिविधियों की नियमित जानकारी मिलती रहेगी। साथ ही बिहार की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक प्रयास कला और संस्कृति के क्षेत्र को नई दिशा देने में सहायक होंगे। सांस्कृतिक विशेषज्ञों का मानना है कि ‘कला संवाद’ बिहार की लोक कला, सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का मजबूत माध्यम बन सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here