Bihar News: बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उद्योग विभाग की पहल पर मुजफ्फरपुर के डुमरिया औद्योगिक क्षेत्र (Industrial Area Dumaria) में आधुनिक फर्नीचर एवं इंटीरियर उत्पाद निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। एम/एस सिटी एडवरटाइजिंग (M/s City Advertising) की ओर से विकसित की जाने वाली इस परियोजना में करीब ₹14.74 करोड़ का निवेश किया जाएगा। इस नई औद्योगिक इकाई से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ राज्य के विनिर्माण क्षेत्र को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मॉड्यूलर फर्नीचर और स्टील आलमारी का होगा निर्माण
प्रस्तावित परियोजना लगभग 0.46 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी। यहां आधुनिक तकनीक के जरिए मॉड्यूलर फर्नीचर, स्टील आलमारी तथा घर और कार्यालय में उपयोग होने वाले इंटीरियर उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य बिहार में गुणवत्तापूर्ण फर्नीचर निर्माण को बढ़ावा देना और स्थानीय बाजार के साथ-साथ भविष्य में व्यापक मांग को पूरा करना है।
50 लोगों को मिलेगा रोजगार, युवाओं के लिए खुलेंगे नए अवसर
इस नई विनिर्माण इकाई से लगभग 50 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है। परियोजना के शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ तकनीकी कौशल विकसित करने का अवसर भी मिलेगा। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
BIADA की परियोजना समाशोधन समिति से मिली मंजूरी
इस औद्योगिक परियोजना को स्थापित करने के लिए बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति (PCC) ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जाएगा।

उद्योग मंत्री बोलीं- बिहार बन रहा निवेश का नया केंद्र
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न विनिर्माण क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाएं न केवल स्थानीय उद्योगों को मजबूती देंगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा कर राज्य की अर्थव्यवस्था को भी गति देंगी। सरकार का लक्ष्य बिहार को आधुनिक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करना है।
निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार कर रही सरकार
उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा, कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी प्रक्रियाएं और निवेशक-अनुकूल नीतियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि फर्नीचर और इंटीरियर उत्पाद निर्माण जैसे क्षेत्रों में हो रहा निवेश राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा। इससे स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
बिहार के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मिलेगा नया आयाम
विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक फर्नीचर एवं इंटीरियर उत्पाद निर्माण इकाई की स्थापना से बिहार के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूती मिलेगी। साथ ही राज्य में निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार करने की दिशा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

