पटना :बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सारण जिले के मशरक, इसुआपुर, मढ़ौरा व अमनौर प्रखंडों में जहरीली शराब पीने से अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 18 लोगों को गंभीर हालात में इलाज छपरा सदर अस्पताल, पीएमसीएच और एनएमसीएच में भर्ती किया गया है।

अब तक 126 लोगों को किया गया गिरफ्तार
इस बीच अवैध शराब का कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने धड़पकड़ शुरू कर दी है। इस मामले में अभी तक 126 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा चार हजार लीटर अवैध शराब भी बरामद की गयी है। आरोपियों के खिलाफ बिहार सरकार ने एसआईटी का गठन भी कर दिया है।

थाना प्रभारी को किया गया निलंबित
शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन एवं सूचना संकलन में बरती गयी घोर लापरवाही एवं पूर्ण विफलता के साथ ही आदेशों का उल्लंघन, कर्तव्यहीनता एवं संदिग्ध आचरण के आरोप में मशरख थाना प्रभारी रितेश मिश्रा और चौकीदार विकेश तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विपक्ष ने नीतीश सरकार को संसद से सड़क तक घेरा
उल्लेखनीय है कि बिहार में 2016 में नीतीश सरकार ने शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगाया था। राज्य में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद जहरीली शराब से मौत के मामले में नीतीश कुमार सरकार बैकफुट पर है। भाजपा सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक इस मुद्दे पर नीतीश सरकार पर निशाना साध रही है। उधर, पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं दरअसल, पुलिस अभी तक ये बताने में असमर्थ रही है कि इस मामले में मुख्य आरोपी कौन है और पुलिस ने जिन 126 लोगों को गिरफ्तार किया है, क्या उनमें से किसी का जहरीली शराब से मौतों के इस मामले में कोई संबंध भी है या नहीं। हालांकि राज्य सरकार ने आरोपियों की धड़ पकड़ के लिए एसआईटी का गठन कर लिया है।
#WATCH | “No compensation will be given to people who died after drinking…We have been appealing- if you drink, you will die…those who talk in favour of drinking will not bring any good to you…”, said CM Nitish Kumar in assembly earlier today.
(Source: Bihar Assembly) pic.twitter.com/zquukNtRIA
— ANI (@ANI) December 16, 2022
जहरीली शराब से हुई मौतों पर नीतीश सरकार नहीं देगी कोई मुआवजा
बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज स्पष्ट किया कि जहरीली शराब पीने से हुई मौतों पर सरकार कोई मुआवजा नहीं देगी। नीतीश कुमार ने कहा कि इस बारे में सोचना भी मत, इसलिये शराब और जहलीरी शराब पीने के बारे में सोचना भी मत।

