- बीरेंद्र कुमार झा
भारतीय जनता पार्टी विधायक के उपाध्यक्ष और झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने झारखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर बड़ा हमला बोला है। बाबूलाल मरांडी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आदिवासी के नाम पर कलंक तक कह दिया। रविवार को प्रेस कांफ्रेंस करके बाबूलाल मरांडी ने 36 सेकंड का वीडियो क्लिप जारी करते हुए मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का को कटघरे में खड़ा किया है।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का गृह विभाग के भी प्रधान सचिव
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का गृह कार्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के भी प्रधान सचिव हैं। उनके काले कारनामे एवं महालूट का एक वीडियो क्लिप उनके संज्ञान में लाया गया है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस वीडियो को देखकर आसानी से समझा जा सकता है कि झारखंड में सरकार कैसे चल रही है और कौन लोग चला रहे हैं!
वीडियो विशाल चौधरी के कार्यालय का
बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि यह वीडियो उसी विशाल चौधरी के अरगोड़ा चौक के पास स्थित कार्यालय का है, जिसके यहां पिछले दिनों प्रवर्तन निदेशालय यानि ईडी ने छापेमारी की थी। उन्होंने विशाल चौधरी को सत्ता का मशहूर दलाल करार दिया ।श्री मरांडी ने दावा किया कि विशाल चौधरी के ही दफ्तर में बैठकर अरुण एक्का साहब सरकारी फाइलें निपटा रहे हैं। बीजेपी नेता ने कहा कि एक्का साहब के बगल में जो महिला खड़ी है और फाइलें साइन करवा रही है, वह झारखंड सरकार की कर्मचारी नहीं है, बल्कि विशाल चौधरी की कर्मचारी है।
फाइल पर साइन करवाने वाली महिला सरकारी कर्मचारी नहीं है।
बाबूलाल मरांडी ने आगे कहा कि इस वीडियो में जो आवाज आ रही है, वह विशाल चौधरी की है। इसमें विशाल चौधरी उस महिला कर्मचारी से पूछ रहा है कि पैसे आए या नहीं? जब महिला ने कहा कि पैसे नहीं मिले हैं, तो विशाल चौधरी किसी को फोन करता है और उससे पैसे के बारे में पूछता है।बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सीएम के प्रधान सचिव एवं राज्य के गृह सचिव अगर ऐसे काम कर रहे हैं तो अन्य अफसरों के कारनामों की बात क्या की जाए!
विस्तृत जांच होगी तो हैरान करने वाली जानकारी आएगी सामने
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राजीव अरुण एक्का और विशाल चौधरी जैसे और न जाने कितने अफसर और सत्ता के दलाल हैं जो मिल बैठकर टेंडर ,ट्रांसफर- पोस्टिंग आदि की फाइल पैसे लेकर अपने घरों से निपटा रहे हैं। बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि इसकी विस्तृत जांच होगी तो इस सरकार के मुखिया और उसके गुर्गे के काले कारनामे के बारे में हैरान करने वाली ढेर सारी जानकारियां सामने आ जायेगी।
राजीव अरुण एक्का को तत्काल पद से हटाए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री के घर की सुरक्षा में तैनात कर्मचारी की एके-47 दलाल प्रेम प्रकाश के घर में मिलती है और उसका प्रधान सचिव दलाल विशाल चौधरी के प्राइवेट कार्यालय में सरकारी टेंडर की फाइल ले जाकर पैसे वसूलता है और वहीं से मुख्यमंत्री कार्यालय का काम करता है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि इस गंभीर अपराध के लिए वे राजीव अरुण एक्का पर तुरत एफआईआर दर्ज करा कर उन्हें जेल भिजवाए।उन्हें पद से हटाए और भ्रष्टाचार विरोधी कानून के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई करें।
फाइलें मरती नहीं
बाबूलाल मरांडी ने झारखंड के मुख्य सचिव से आग्रह किया कि वे धृतराष्ट्र ना बने और इस गंभीर मामले पर कठोर कार्रवाई का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को देने में विलंब ना करें। उन्होंने कहा घोटाला करने वाले कितने लोगों को बचाने के लिए मुख्यमंत्री फाइल रोकते रहेंगे ! कागजात कभी नहीं मरते। कभी न कभी कार्यवाही तो होगी ही।उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने पशुपालन घोटाले की फाइल लंबे अरसे तक दबा रखी थी, लेकिन उसका अंजाम दुनिया देख चुकी है।
मुख्यमंत्री ने आदिवासियों की इज्जत मिट्टी में मिला दी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री आदिवासियों के नाम पर एक बड़ा कलंक है। इसने देश दुनिया में आदिवासियों की इज्जत मिट्टी में मिलाने और बदनाम करने का काम किया है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल इस वीडियो की सीडी के साथ जल्दी ही महामहिम राज्यपाल से मिलेगा और उनको अनुरोध पत्र सौंपकर मांग करेगा कि इस बेहद महत्वपूर्ण मामले की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल प्रवर्तन निदेशालय यानि ईडी के अधिकारियों से भी मिलेगा और इस मामले की विस्तृत जांच की मांग करेगा।
