Azam Khan ED Case: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े करीब 426 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) उनसे लखनऊ में पूछताछ करेगा। गाजियाबाद की विशेष PMLA अदालत ने एजेंसी को चार दिन की कस्टडी रिमांड दी है। इसके तहत आजम खान से 16 नवंबर की शाम तक सवाल-जवाब किए जाएंगे।
ईडी की टीम गुरुवार रात करीब 8:30 बजे भारी सुरक्षा के बीच उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल से लेकर रवाना हुई। रास्ते में दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस दौरान आजम खान ने मीडिया से कहा कि उनका कसूर सिर्फ इतना है कि उन्होंने बच्चों को पढ़ाने और शिक्षा का केंद्र बनाने की कोशिश की।
जौहर यूनिवर्सिटी के खर्च और ट्रस्ट के लेनदेन पर सवाल
जांच एजेंसी की पूछताछ का मुख्य केंद्र रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण और जौहर ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन रहने की संभावना है। ईडी यह जानना चाहती है कि यूनिवर्सिटी के निर्माण पर कितनी रकम खर्च हुई और आयकर विभाग के आकलन तथा ट्रस्ट की ओर से घोषित खर्च के बीच सैकड़ों करोड़ रुपये का अंतर क्यों सामने आया।
अदालत ने रिमांड के दौरान कुछ शर्तें भी लगाई हैं। आजम खान के वकील को रोजाना एक घंटे उनसे मिलने की अनुमति होगी। इसके अलावा प्रत्येक 48 घंटे में उनका मेडिकल परीक्षण कराना अनिवार्य होगा।
16 नवंबर को दो मोर्चों पर अहम फैसला
आजम खान के लिए 16 नवंबर का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। इसी दिन शाम 4:30 बजे ईडी की कस्टडी रिमांड पूरी होगी और एजेंसी को उन्हें अदालत में पेश करना होगा। वहीं, इलाहाबाद हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच में उनकी जमानत याचिका पर भी सुनवाई प्रस्तावित है। सुप्रीम कोर्ट ने 5 नवंबर को याचिका हाईकोर्ट भेजते हुए 16 नवंबर को अंतरिम आदेश पारित करने को कहा था। ऐसे में इस दिन उनकी कानूनी स्थिति को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।
अखिलेश यादव ने जताई चिंता
इस मामले को लेकर सियासी हलचल भी तेज है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आजम खान की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने की मांग की कि उनकी सेहत और सुरक्षा के मामले में कोई लापरवाही न हो।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में रामपुर जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद ईडी ने आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार कर लिया था।

