असम -मेघालय सीमा विवाद : सीएम सरमा और संगमा की आज होगी अहम बैठक 

0
254


न्यूज़ डेस्क 
लम्बे समय से पूर्वोत्तर राज्य असम और मेघालय के बीच चल रहे सीमा विवाद को लेकर आज शाम को दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों हिमंत विश्व सरमा और कोरनार्ड संगमा के बीच  महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। जानकारी के मुताबिक आज शनिवार शाम को दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच सीमा विवाद को लेकर मुलाकात होगी।एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा, 26 सितंबर को कार्बी आंगलोंग और पश्चिम जैंतिया जिलों के दो सीमावर्ती गांवों के लोगों के बीच हुई हिंसा पर भी चर्चा होने की संभावना है।       
     अधिकारी के मुताबिक सरमा और संगमा आखिरी बार 24 मई को मिले थे और सीमा मुद्दे को सुलझाने के लिए चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए फिर से मिलने पर सहमत हुए थे। साथ ही, दोनों मुख्यमंत्रियों ने दोनों राज्यों के कार्बी आंगलोंग-पश्चिम जैंतिया हिल्स जिलों की सीमा पर विवादित क्षेत्रों का दौरा करने पर सहमति व्यक्त की थी।     
              बता दें कि मेघालय को 1972  में असम से अलग कर एक अलग राज्य बनाया गया था। इसने असम पुनर्गठन अधिनियम, 1971 को चुनौती दी थी, जिसके कारण दोनों राज्यों के बीच 884.9 किमी लंबी सीमा के 12 क्षेत्रों में विवाद पैदा हो गया था। मई, 2021 में मुख्यमंत्री का पदभार संभालने पर सरमा ने घोषणा की थी कि उनकी प्राथमिकता असम के पड़ोसी राज्यों के साथ लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवादों को हल करना है।
                गौरतलब है कि चरणबद्ध तरीके से समस्या का हल करने के लिए अगस्त 2021 में तीन क्षेत्रीय समितियां स्थापित की गई। समितियों ने अपनी सिफारिशें प्रस्तुत की थी, जिन्हें दोनों मुख्यमंत्रियों ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सौंप दिया था। जिसके बाद कुल 12 क्षेत्रों में से छह में विवादों को हल करने के लिए 29 मार्च, 2022 को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते के अनुसार, पहले चरण में 36.79 वर्ग किमी विवादित क्षेत्र को निपटान के लिए लिया गया था, जिसमें असम को 18.51 वर्ग किमी और मेघालय को 18.28 वर्ग किमी पर पूर्ण नियंत्रण मिला था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here