ईडी के द्वारा 21 मार्च को अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद अरविंद केजरीवाल पहले ईडी की कस्टडी में रहे, इसके बाद कोर्ट के निर्देश पर अरविंद केजरीवाल 1 अप्रैल से तिहाड़ जेल में बंदी के तौर पर रह रहे हैं।फिलहाल वे यहां 23 अप्रैल तक हैं,जिसके बाद फिर यह तय होगा कि अरविंद केजरीवाल आगे भी तिहाड़ जेल में रहेंगे या नहीं। ईडी की कस्टडी और फिर तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तरफ से अक्सर तरह – तरह की शिकायतें जेल प्रबंधन के विरुद्ध की जाती रही है।अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की तरफ से की जाने वाली शिकायतों में प्रमुख था जेल में धीमा जहर देकर जान से मारने का प्रयास करना और इंसुलिन का नहीं देना।लेकिन सोमवार से इस मामले में अब उन्हें इंसुलिन दी जाने लगी है। लेकिन जेल प्रबंधन से खाना मिलने में देरी को लेकर अभी भी शिकायत है।आम आदमी पार्टी की ओर से जेल में बंद अरविंद केजरीवाल के सेहत को लेकर लगातार चिंता व्यक्त की जा रही है।इस बीच केजरीवाल के स्वास्थ्य पर तिहाड़ जेल के महानिदेशक (जेल) संजय बेनीवाल ने प्रतिक्रिया दी है।
खाना देने में देरी की वजह
तिहाड़ जेल के महानिदेशक (जेल) संजय बेनीवाल ने अरविंद केजरीवाल को देर से खाना मिलने की शिकायत वाली बात को मीडिया में शेयर करते हुए कहा कि जेल में बंद कैदियों को खाना देने का एक निश्चित समय होता है। कोर्ट के आदेश के जरिए अरविंद केजरीवाल को घर का खाना दिया जाता है।उनके घर से खाना आने के बाद पहले उस खाना को चेक किया जाता है।खाना चेक करने के बाद घर से आए खाना को अरविंद केजरीवाल को खाने के लिए दिया जाता है।खाना को चेक कर उन तक पहुंचाने में 5 से 7 मिनट का समय लगता है।
समस्या इलाज की नहीं,समस्या मामले की राजनीतीकरण किए जाने की
तिहाड़ जेल के महानिदेशक संजय बेनीवाल ने अरविंद केजरीवाल के इलाज को लेकर उठाए जाने वाले शिकायत को लेकर कहा कि यहां तिहाड़ जेल में करीब 900-1000 कैदियों को शुगर की बीमारी है।मैं हर दिन जितनी कैदियों की संख्या है उनमें से 900-1000 रोगियों के इलाज का प्रबंधन कर रहा हूं। मेरे लिए यह कोई समस्या नहीं है, लेकिन इसका लोग राजनीतिकरण कर रहे हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल के जेल अधीक्षक को लिखे पत्र पर उन्होंने कहा कि जेल में 20,000 लोग बंद है। हर किसी की कुछ समस्या रहती है। हमें उनके निवारण की भी व्यवस्था करनी होती है।हर जेल में एक विजिटिंग जज होता है, जो सभी चीजों पर नजर रखता है। वे कैदियों की शिकायतें भी सुनते हैं।
दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना को रिपोर्ट पर बोले संजय बेनीवाल
तिहाड़ जेल प्रशासन द्वारा दिल्ली एलजी वीके सक्सेना को सौंपी गई रिपोर्ट पर महानिदेशक (जेल) संजय बेनीवाल ने कहा कि एलजी हमारे कार्यकारी प्रमुख हैं।केवल इस मुद्दे पर ही नहीं बल्कि अन्य मुद्दों पर भी हमसे रिपोर्ट मांगते हैं।इसमें कुछ भी नया नहीं है।हमने उठाए गए प्रश्नों का जवाब कोर्ट के समक्ष दिया है।
केजरीवाल जी रहे हैं सामान्य जीवन
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के वजन घटने के आरोपों पर संजय बेनीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल हर दूसरे कैदी की तरह ही सामान्य जीवन जी रहे हैं।
जेल में केजरीवाल को सोमवार शाम दिया गया इंसुलिन
सोमवार की मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल के शुगर और अन्य बीमारियों के इलाज के लिए एम्स के डॉक्टरों की एक मेडिकल टीम के रिपोर्ट के अनुसार इलाज सुनिश्चित कराने का निर्देश तिहाड़ जेल प्रबंधन को दिया है।इसके आलोक में सोमवार की शाम से अरविंद केजरीवाल को इंसुलिन देने की बात सामने आ रही है।तिहाड़ जेल के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानि एम्स के डॉक्टरों की सलाह पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सोमवार शाम इंसुलिन दिया गया।

