आंध्र प्रदेश: पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू के रोड शो में भगदड़, आठ की मौत

0
188

नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के रोड शो में बुधवार को भगदड़ मचने से आठ लोगों की मौत हो गयी,मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। हादसा आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में हुआ। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चंद्रबाबू नायडू को देखने के लिए उमड़ा जन सैलाब

पुलिस ने कहा कि नेल्लोर जिले के कंदुकुरु में टीडीपी नेता एन चंद्रबाबू नायडू को देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी और उसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि लोग खुली नहर में गिर गए जिसमें आठ की जान चली गई। इस बीच अधिकारियों ने गुरुवार सुबह कंदुकुर एरिया अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए। शवों को उनके गांव भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

मृतकों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था करेगी टीडीपी

टीडीपी ने घोषणा की है कि वह मृतकों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था करेगी। चंद्रबाबू नायडू ने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अंतिम संस्कार में शामिल होने को कहा। टीडीपी ने इस घटना के लिए पुलिस द्वारा अपर्याप्त सुरक्षा को जिम्मेदार ठहराया है। टीडीपी ने कहा कि उन्होंने पुलिस को सूचित किया था कि रोड शो में बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद थी लेकिन वे उचित व्यवस्था करने में विफल रहे।

मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए देगी टीडीपी

इस घटना में मारे गए लोगों के परिवार के साथ खड़े होने का वादा करते हुए चंद्रबाबू ने कहा कि वह न केवल परिवार के सदस्यों को अनुग्रह राशि का भुगतान करेंगे बल्कि उनके बच्चों की शिक्षा के लिए भी मदद करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को मृतकों का अंतिम संस्कार पूरा होने तक कंदुकुर में वापस रहने का भी आदेश दिया। नायडू ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

पीएम मोदी ने हादसे पर जताया खेद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के रोड शो के दौरान नहर में गिरने से जान गंवाने वाले 8 लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में एक जनसभा में हुई दुर्घटना से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रत्येक मृतक के परिजनों को दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here