न्यूज़ डेस्क
वाईएसआर तेलंगाना पार्टी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला कांग्रेस में शामिल हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की उपस्थिति में वाईएस शर्मिला गुरुवार को कांग्रेस के साथ जुड़ गई।
बता दें कि कांग्रेस में शामिल होने के लिए शर्मिला बुधवार रात को ही दिल्ली पहुंच चुकी थी और गुरुवार की सुबह वह एआईसीसी मुख्यालय पहुंची। कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में एक नया पद दिया जाएगा।कांगेस में शामिल होने के बाद वाईएस शर्मिला ने कहा, हमारे देश में कांग्रेस अभी भी सबसे बड़ी पार्टी है। इसने हमेशा भारत की सच्ची संस्कृति को बरकरार रखा है और भारत की बुनियाद का निर्माण भी इसी पार्टी ने किया है।
बता दें कि शर्मिला अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वाईएस राजशेखर रेड्डी की बेटी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी की छोटी बहन हैं। उन्होंने हाल में संपन्न हुए तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन किया था।
शर्मिला के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को आंध्र प्रदेश में मजबूती मिलेगी। शर्मिला आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी की बहन हैं। उन्होंने कांग्रेस में शामिल होते ही अपनी पार्टी वाईएसआर तेलंगाना का कांग्रेस में विलय का भी ऐलान कर दिया। शर्मिला ने कहा कि मेरे पिता का सपना था कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें, मुझे खुशी है कि मैं इसके लिए काम करूंगी। शर्मिला ने कहा कि उन्हें ईसाई के तौर पर मणिपुर हिंसा के कारण बहुत दुख हुआ. अगर सेक्युलर पार्टी सत्ता में नहीं होगी तो यही होगा।
वाई एस शर्मिला आंध्र के पूर्व सीएम वाई एस राजशेखरा रेड्डी की बेटी हैं। राजशेखरा रेड्डी कांग्रेस में थे। सीएम रहते एक विमान दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। उनके निधन के बाद जब पार्टी ने शर्मिला के भाई जगन मोहन रेड्डी को सीएम नहीं बनाया, तो जगन मोहन ने अपनी पार्टी वाई एस आर कांग्रेस बनाई. शुरुआत में शर्मिला वाईएसआर कांग्रेस पार्टी संयोजक बनीं और उन्होंने अपने भाई और मां के साथ आंध्र में प्रचार किया। 2021 में अपने भाई के मतभेदों के चलते उन्होंने वाई एस आर कांग्रेस से नाता तोड़ लिया और तेलंगाना में नई पार्टी वाई एस आर तेलंगाना पार्टी का गठन किया था।

