Milk Price Hike Today: देशभर में दूध का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को अब अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी होगी। प्रमुख डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें गुरुवार से लागू होंगी। कंपनियों ने इसके पीछे दूध खरीदने, उत्पादन, पैकेजिंग और ईंधन की बढ़ती लागत को वजह बताया है।
अमूल के इन दूध पर बढ़े दाम
अमूल ब्रांड का संचालन करने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने कीमतों में बदलाव की जानकारी दी है। कंपनी के मुताबिक, सबसे ज्यादा बिकने वाले अमूल ताजा टोंड मिल्क की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर, जबकि अमूल गोल्ड की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है।
GCMMF का कहना है कि चारा, पशु आहार, दूध की पैकेजिंग और ईंधन महंगा होने से उत्पादन और प्रोसेसिंग का खर्च बढ़ा है। इसके अलावा गुजरात समेत कई इलाकों में कम और अनियमित बारिश के कारण भी डेयरी क्षेत्र को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
मदर डेयरी के नए रेट भी जान लीजिए
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में बड़ी मात्रा में दूध की आपूर्ति करने वाली मदर डेयरी ने भी अलग-अलग किस्मों के दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। नई कीमतों के अनुसार:
दूध की किस्म पुरानी कीमत नई कीमत
टोंड मिल्क (खुला) ₹58 ₹60
फुल क्रीम (पैकेट) ₹72 ₹76
टोंड मिल्क (पैकेट) ₹60 ₹62
डबल टोंड मिल्क ₹54 ₹56
गाय का दूध ₹62 ₹65
मदर डेयरी ने कहा है कि कच्चे माल और संचालन से जुड़ी लागत लगातार बढ़ रही थी। ऐसे में कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया।
मई में भी बढ़े थे दूध के दाम
गौरतलब है कि अमूल और मदर डेयरी ने इससे पहले इस साल मई में भी दूध की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की थी। GCMMF के अनुसार, देशभर में बिकने वाले ताजे पाउच दूध की विभिन्न श्रेणियों के दामों में उस समय 4 से 5 प्रतिशत तक इजाफा किया गया था।
मदर डेयरी NCR में अपने आउटलेट, खुदरा दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। ऐसे में नई कीमतों का असर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ सकता है।

