बीरेंद्र कुमार झा
शिवसेना के बाद एनसीपी में हुई टूट के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस अपने नेताओं को एकजुट करने में जुट गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने इसी कोशिश में दिल्ली में मंगलवार को एक बड़ी बैठक की। इसमें महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता मौजूद थे।
खड़गे और राहुल गांधी ने नेताओं से एकजुट रहने की अपील की
कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र काय के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की जिसमें उनसे एकजुट रहने की अपील की। साथ ही पार्टी को अपने इस पुराने गढ़ को फिर से मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पर जल्द फैसला
कांग्रेस ने फैसला किया है कि महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का फैसला आगामी सत्र से पहले कर लिया जाएगा।एनसीपी में विभाजन के बाद अब कांग्रेस राज्य विधानसभा में सबसे बड़ा विपक्षी दल हो गया है। कांग्रेस के महाराष्ट्र विधान सभा में 44 विधायक हैं।
खड़गे ने बीजेपी पर साधा निशाना ,कहा राजनीतिक जालसाजी का कांग्रेस देगी जवाब
बैठक की तस्वीर साझा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया कि बीजेपी ने अपने वाशिंग मशीन का इस्तेमाल कर महाराष्ट्र के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी इस राजनीतिक जालसाजी का बराबर जवाब देगी। कांग्रेस महाराष्ट्र की जनता के जनादेश पर बीजेपी द्वारा किए गए लगातार हमलों का कड़ा राजनीतिक उत्तर देगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस पार्टी का गढ़ रहा है और वहां पार्टी को मजबूत करना है।
कांग्रेस की बैठक में महाराष्ट्र के बड़े नेता रहे मौजूद
महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में विभाजन की पृष्ठभूमि में पार्टी मुख्यालय में हुई कांग्रेस की इस बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले, पार्टी के राज्य प्रभारी एसके पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चौहान एवं अशोक चौहान, वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक और कई अन्य नेता भी मौजूद थे।
शरद पवार से बगावत कर एकनाथ शिंदे सरकार में डिप्टी सीएम बने हैं अजीत पवार
गौरतलब है कि पिछले दिनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार के भतीजे अजीत पवार ने आठ अन्य विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे सरकार में मंत्री पद की शपथ ले ली और पार्टी के नाम एवं उसके चुनाव निशान घड़ी पर अपना दावा पेश कर दिया।अजीत पवार महाराष्ट्र सरकार में उप मुख्यमंत्री बने हैं।
