Amity Film Festival 2026: पटना स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी पटना के एमिटी स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन द्वारा आयोजित ‘एमिटी फिल्म महोत्सव 2026’ का शुक्रवार को शानदार समापन हुआ। दो दिनों तक चले इस आयोजन ने फिल्म, कला और क्रिएटिविटी का ऐसा संगम पेश किया, जिसने दर्शकों और प्रतिभागियों पर गहरी छाप छोड़ी।

समापन समारोह में माहौल पूरी तरह सिनेमाई रंग में डूबा नजर आया, जहां देशभर से आए युवा क्रिएटर्स ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।
‘पंचायत’ के विकास ने मंच पर भरी जोश की नई ऊर्जा
समारोह के मुख्य अतिथि रहे चंदन रॉय, जिन्होंने लोकप्रिय वेब सीरीज पंचायत में ‘विकास’ का किरदार निभाया है। उन्होंने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करते हुए कहा कि मनोरंजन जगत में सफलता के लिए जुनून और धैर्य सबसे जरूरी है। उनकी बातों ने वहां मौजूद युवाओं में एक नई ऊर्जा भर दी और कई छात्रों को फिल्म और मीडिया क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

कुलपति ने बताया ‘रचनात्मकता का उत्सव’
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ) विवेकानंद पांडे ने इस आयोजन को “रचनात्मकता, सहयोग और सिनेमाई अभिव्यक्ति का उत्सव” बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवा प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
‘टैलेंट ट्रेजर’ ने बढ़ाया रंग और रोमांच

महोत्सव के दौरान आयोजित ‘टैलेंट ट्रेजर’ कार्यक्रम ने माहौल को और जीवंत बना दिया। नृत्य, संगीत, पेंटिंग और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बांधे रखा। पूरा परिसर एक क्रिएटिव फेस्टिवल में तब्दील नजर आया।
बिहार में फिल्ममेकर्स के लिए बढ़ रहे अवसर

वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया स्ट्रेटजिस्ट आनंद कौशल ने कहा कि बिहार सरकार फिल्म निर्माण और युवा क्रिएटर्स को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में फिल्म इंडस्ट्री के लिए नई संभावनाएं तेजी से उभर रही हैं और सरकार भी हर स्तर पर सहयोग दे रही है।
300 प्रतिभागी, 150 फिल्मों का प्रदर्शन

इस फिल्म महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 50 स्कूल और कॉलेजों के 300 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। करीब 150 लघु फिल्में, रील और डॉक्यूमेंट्री इस फेस्ट में रजिस्टर की गईं, जिसने इसे एक बड़े स्तर का आयोजन बना दिया।

विजेताओं पर बरसी तालियां और सम्मान
समापन समारोह में सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म, सर्वश्रेष्ठ संपादन, टैलेंट ट्रेजर चैंपियन और रॉकस्टार जैसी कई श्रेणियों में विजेताओं को सम्मानित किया गया। पुरस्कार, प्रमाण पत्र और तालियों की गूंज के बीच हर प्रतिभा का जश्न मनाया गया।

