UCC in 21 States: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुंबई में कहा कि केंद्र सरकार आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इन कदमों से देश ने आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस का संदेश दिया है।
अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में UCC लागू हो चुका है और 2029 से पहले बीजेपी-एनडीए की सरकार वाले सभी 21 राज्यों में इसे लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
गृह मंत्री ने अनुच्छेद 370 हटाने, नक्सलवाद पर नियंत्रण और पूर्वोत्तर की समस्याओं के समाधान को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है और अब विकास तथा प्रदर्शन को ज्यादा महत्व मिल रहा है।
अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि भारत आज दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत GDP ग्रोथ के साथ भारत प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में आगे रहा है।
17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा की। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान को राज्यों से लेकर जिलों, लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों तथा बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत सेवा दिवस, चित्र प्रतियोगिता, सेवा यात्राएं, सुशासन संवाद और इनोवेशन से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने खुद को हमेशा ‘प्रधान सेवक’ के रूप में पेश किया है और उनका राजनीतिक जीवन जनसेवा पर केंद्रित रहा है। अभियान का उद्देश्य भी इसी सेवा भावना को जनता तक पहुंचाना है।

