बीरेंद्र कुमार झा
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हुंकार भरी।इसमें एक तरफ उन्होंने बंगाल की ममता बनर्जी सरकार की नाकामियों को चुन चुनकर गिनाया तो वहीं दूसरी तरफ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की खूबियों का भी बखान किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की मां माटी मानुष की सरकार दरसल अत्याचार,भ्रष्टाचार व तानाशाह की सरकार है।अगर बंगाल में वास्तव में लोकतंत्र स्थापित करना है तो आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी को 35 सीटों पर विजयी बनाएं।
अमित शाह को सुनने सिउड़ी में उमड़ा जन सैलाब
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बांग्ला नववर्ष पर बीरभूम जिले के सिउड़ी के बेनीमाधव हाई स्कूल के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। अमित शाह ने इस जनसभा में राज्य की सरकार की अराजकता के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार के नेता और मंत्रियों का भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं है राज्य के बेरोजगार युवकों को इस सरकार ने ठगा है।
ममता बनर्जी से दो-दो हाथ करेंगे शुभेंदु अधिकारी
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंबेडकर के पांच स्थान का निर्माण कर उन को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाने का काम यदि किसी ने किया है तो वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की दादागिरी से दो-दो हाथ करने के लिए हमारे नेता शुभेंदु अधिकारी तैयार हैं।
2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को दिलाएं 35 सीटें,रामनवमी जुलूस पर नहीं होगा हमला
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की जनता से कहा कि आपने हमें गत विधानसभा चुनाव में 77 सीटें जीता कर हमें 38 फ़ीसदी वोट दिया। हम इसके लिए आपके आभारी हैं। उन्होंने बंगाल की जनता का आह्वान किया कि हमें 35 से ज्यादा सीटें आगामी लोकसभा चुनाव में देकर मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाइए। इसके बाद हम देखते हैं कि बंगाल में रामनवमी के जुलूस पर कौन हमला करता है।अमित शाह ने हावड़ा और इस्लाम में रामनवमी जुलूस पर हुए हमले की तीव्र निंदा की।
नरेंद्र मोदी दिलाएंगे बंगाल की तानाशाह सरकार से मुक्ति
अमित शाह ने कहा एनआईए ने यदि अमोनियम नाइट्रेट और डेटोनेटर जैसे विस्फोटक नहीं पकड़ी होती तो ,आज ना जाने कितने बेगुनाह लोगों की जान चली जाती ।उन्होंने कहा कि गौ तस्करी करने वाले आज जेल की सलाखों के पीछे हैं।बंगाल में अत्याचार और भ्रष्टाचार की इस तानाशाह सरकार से यदि कोई मुक्ति दिला सकते हैं तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं।अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव में ममता दीदी की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए लोगों का समर्थन मांगा।
77 लाख लोगों के घरों में मोदी सरकार ने पहुंचाया शुद्ध पेयजल
अमित शाह ने अपने भाषण में कहा कि नरेंद्र मोदी 70 लाख लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया है,55 लाख लोगों को आयुष्मान योजना के तहत दवाई देने का काम किया है और 52 लाख लोगों के घरों में उज्जवल योजना के तहत गैस देने का काम किया है। अमित शाह ने कहा कि गौ तस्करी बंद करना चाहते हैं और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहते हैं तो केंद्र में एक बार फिर से मोदी की सरकार बनाइये।

