ACAD QUAD 2026 में पटना का जलवा, स्कूल और कॉलेज वर्ग में बिहार के छात्रों ने हासिल किया राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान

0
7

पटना: बिहार के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा राष्ट्रीय स्तर पर मनवाया है। ऑनलाइन क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता ACAD QUAD के मई 2026 के परिणामों में पटना के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान हासिल किया है।

डॉन बॉस्को अकादमी, पटना के छात्र धैर्य पांडेय ने स्कूल वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। वहीं सेंट माइकल्स हाई स्कूल, पटना की छात्रा श्रद्धा श्री ने कॉलेज वर्ग में लगातार अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखते हुए बिहार का गौरव बढ़ाया है।

बिहार के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में केवल पटना ही नहीं, बल्कि बिहार के अन्य जिलों के विद्यार्थियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय, पोखरैरा (मुजफ्फरपुर) के निर्भय राज और अभिषेक कुमार ने स्कूल वर्ग में क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।

कॉलेज वर्ग में आईजीआईएमएस, पटना के सोहम सार्थक सिन्हा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि एनआईटी मणिपुर के ओम कुमार झा ने तीसरा स्थान हासिल किया।

देशभर के प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा

सीनियर वर्ग में अहमदाबाद के धीरेंद्र त्रिपाठी ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं केरल के त्रिशूर निवासी जैकब ब्रह्मकुलम दूसरे और चेन्नई के एन. रंगास्वामी तीसरे स्थान पर रहे।

ग्लोबल वर्ग में बेंगलुरु के हरीश कामथ विजेता बने। जबकि सिकंदराबाद के समित कल्लियनपुर और चेन्नई के रामकी कृष्णन ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

क्या है ACAD QUAD?

ACAD QUAD देशभर के विद्यार्थियों और बुद्धिजीवियों के बीच लोकप्रिय ऑनलाइन क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता है। यह प्रतियोगिता पूरे वर्ष crypticsingh.com पर आयोजित की जाती है, जबकि इसकी प्रतिस्पर्धात्मक अवधि 1 फरवरी से 31 अक्टूबर तक रहती है।

इसमें चार अलग-अलग श्रेणियां होती हैं—स्कूल, कॉलेज, सीनियर और ग्लोबल। स्कूल और कॉलेज वर्ग विद्यार्थियों के लिए हैं, जबकि सीनियर वर्ग 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए निर्धारित है। ग्लोबल वर्ग में दुनिया के किसी भी हिस्से से प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं।

पूरी तरह मुफ्त है प्रतियोगिता

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। इच्छुक प्रतिभागी वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर प्रतिदिन आयोजित होने वाली इस बौद्धिक प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार और सरप्राइज गिफ्ट भी दिए जाते हैं।

मई 2026 के परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बिहार के छात्र केवल शैक्षणिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि बौद्धिक प्रतियोगिताओं में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here