West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में हालिया राजनीतिक झटकों और पार्टी के भीतर बढ़ती असंतोष की आवाजों के बीच तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने संगठन में बड़ा फेरबदल कर सभी को चौंका दिया है। पार्टी की नई टीम के गठन में जहां कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वहीं अभिषेक बनर्जी की संगठनात्मक भूमिका को सीमित किए जाने की चर्चा तेज हो गई है। दूसरी ओर वरिष्ठ नेता डेरेक ओ’ब्रायन को अहम जिम्मेदारी देकर ममता ने साफ संकेत दिया है कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए पार्टी अब नए समीकरणों के साथ आगे बढ़ेगी।
पार्टी द्वारा जारी नई सूची के अनुसार, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदों पर बदलाव किए गए हैं। राजनीतिक जानकार इसे संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी चुनौतियों से निपटने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं।
चंद्रिमा भट्टाचार्य को मिली बंगाल इकाई की कमान
तृणमूल कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य को पश्चिम बंगाल प्रदेश तृणमूल कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, अनुभवी नेता सुब्रत बख्शी को राष्ट्रीय कार्यकारी समिति में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है।
इसके साथ ही पार्टी ने राज्य इकाई के लिए चार उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति की है। इन नेताओं को संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी हुए बदलाव
पार्टी नेतृत्व ने डेरेक ओ’ब्रायन और डोला सेन को राष्ट्रीय संयुक्त सचिव बनाया है। दोनों नेता राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और शीर्ष नेतृत्व के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। नई व्यवस्था में राष्ट्रीय संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
राज्य महासचिवों की नई टीम घोषित
टीएमसी ने राज्य महासचिवों की नई सूची भी जारी की है। इस टीम में कई अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है, जिन्हें संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी विस्तार की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पार्टी ने कई नए कार्यकारी सदस्यों की भी नियुक्ति की है, जिनका काम विभिन्न जिलों और संगठनात्मक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा।
युवा, महिला और छात्र संगठनों में भी बदलाव
तृणमूल कांग्रेस ने अपने सहयोगी संगठनों में भी बड़े बदलाव किए हैं। सायोनी घोष को तृणमूल युवा कांग्रेस (TMYC) का अध्यक्ष बनाया गया है। मधुरिमा ठाकुर को युवा संगठन का महासचिव नियुक्त किया गया है। महिला तृणमूल कांग्रेस की कमान माला रॉय को सौंपी गई है। तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) की जिम्मेदारी प्रियंका अधिकारी को दी गई है।
इन नियुक्तियों को युवाओं और महिलाओं के बीच संगठन की पकड़ मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विभिन्न प्रकोष्ठों को मिले नए अध्यक्ष
पार्टी ने अपने विभिन्न विंग और संगठनों के लिए भी नए नेतृत्व की घोषणा की है। ट्रेड यूनियन संगठन आईएनटीटीयूसी की जिम्मेदारी मोलॉय घटक को सौंपी गई है, जबकि हॉकर्स संगठन की कमान मदन मित्रा को दी गई है। इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ के नेतृत्व की जिम्मेदारी बिरबाहा हांसदा को सौंपी गई है।

