बिरेंद्र कुमार झा
बिहार के पटना के पुनपुन में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। बताया जा रहा है कि वहां एक व्यक्ति ने एक बच्चे का सिर हसुआ से काट कर उसकी हत्या कर दी।इसके बाद वह व्यक्ति बिजली के टावर पर चढ़ गया। आरोपी करीब 4 घंटे तक बिजली के टावर पर चढ़ा रहा। इस बीच एक बच्चे की हत्या होने और आरोपी के टावर पर चढ़ने की बात सुनकर बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठे हो गए।इसके बाद गांव के ही कुछ लोग लाठी डंडा लेकर टावर पर चढ़े और आरोपी को जमकर पीटना शुरू कर दिया। लाठी की मार से आरोपी ऊपर से नीचे गिर गया इसके बाद खड़ी भीड़ ने उसे इतना मारा कि उसकी मौत हो गई।
पुलिस को भी लोगों ने खदेड़ा
घटना के दौरान पुलिस ने आरोपी को भीड़ से छुड़ाने की कोशिश की,लेकिन लोगों ने पुलिस को ही वहां से खदेड़ दिया। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त था। हालांकि उसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। पटना एसपी शुभम आर्य ने बताया कि बच्चे की गला काटकर हत्या करने के मामले की जानकारी मिलने के साथ ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। वहां गांव वाले ने टावर घेर कर रखा था। आरोपी बच्चे का सिर लेकर टावर पर चढ़ा था। भीड़ की पिटाई से आरोपी ऊपर से नीचे गिर गया। इसके बाद लोग उस पर टूट पड़े जिससे उसकी मौत हो गई है।
अलाउद्दीन तक का रहने वाला था मृतक कारू
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बच्चे का नाम कारू सिंह था।वह पुनपुन थाना क्षेत्र के अलाउद्दीनचक का रहने वाला था। घटनास्थल पर एसपी, पालीगंज डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने लोगों को वहां से हटा दिया। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाकर शांति व्यवस्था बनाने में जुटी हुई है।

