सिक्किम में बादल फटने से 23 सैनिक हुए लापता, पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी

0
112

विकास कुमार
सिक्किम के मंगन जिले के उत्तरी हिस्से में तीस्ता नदी बेसिन में बादल फटने से तबाही मच गई है। इस हादसे में 23 सैनिक भी लापता हो गए हैं,बताया जा रहा है कि बादल फटने और तीस्ता नदी में आए उफान की वजह से कई जगहों पर सड़कें भी टूट गई है। साथ ही नदी के बढ़े जलस्तर की वजह से सेना के 23 जवान भी लापता बताए जा रहे हैं। सेना ने लापता हुए जवानों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। चुंगथांग बांध से पानी छोड़ने की वजह से तीस्ता नदी में बाढ़ आ गई है। तीस्ता नदी में आई बाढ़ की वजह से एनएच 10 का एक बड़ा हिस्सा भी टूट गया है। इसकी वजह से सिक्किम की राजधानी गंगटोक का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क टूट गया है।

इस हादसे के एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक उत्तरी सिक्किम में लहोनक झील के ऊपर अचानक बादल फटने से लाचेन घाटी में तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गई। घाटी में कुछ सैन्य प्रतिष्ठान प्रभावित हुए हैं और विवरण की पुष्टि करने के प्रयास जारी हैं। 23 कर्मियों के लापता होने की सूचना है और कुछ वाहनों के कीचड़ में डूबे होने की खबर है। जवानों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

उत्तरी सिक्किम में विनाशकारी बादल फटने से पूर्वोत्तर राज्य में सदमे की लहर दौड़ गई है। तीस्ता नदी का जल स्तर अचानक बढ़ जाने से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी पैदा हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि सिक्किम के उत्तरी और पूर्वी जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। लोगों की जान माल की सुरक्षा के लिए निचले इलाकों के सभी पुलिस स्टेशनों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। घाटी में कुछ सैन्य प्रतिष्ठान प्रभावित हुए हैं। वहीं पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here