चिराग पासवान ने UP में बढ़ाई BJP की टेंशन! विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ने का ऐलान

0
30

एनडीए गठबंधन में शामिल चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा ऐलान किया। पार्टी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी। पूर्वी यूपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने कहा कि केंद्र में उनकी पार्टी का गठबंधन बीजेपी से है लेकिन प्रदेश में कोई गठबंधन नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यूपी फर्स्ट और यूपी वाले फर्स्ट के मिशन को लेकर विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

पार्टी नेता ने कहा कि 2027 में सत्ता की चाभी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के हाथों में रहेगी। राजीव पासवान ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना। उन्होंने कहा कि पीडीए के नाम पर अखिलेश यादव वंचित समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। अब अखिलेश यादव को कांशीराम की जयंती याद आ रही है, उन्हें बाबा साहब भीमराव आंबेडकर याद आ रहे हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को भी अब मान्यवर कांशीराम को भारत रत्न दिलाने की याद आ रही है, लेकिन जब उनकी सरकार थी तब उन्होंने आखिर कांशीराम को भारत रत्न क्यों नहीं दिया?

राजीव पासवान ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने ही बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को दो-दो बार लोकसभा चुनाव हारने का काम किया था। हम दलितों के मसीहा लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान के कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को लोगों का अच्छा जन समर्थन भी मिल रहा है।

बता दें कि चिराग पासवान की पार्टी का बिहार और केंद्र में बीजेपी के साथ गठबंधन है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान खुद केंद्र में मंत्री हैं। वहीं, बिहार की सरकार में भी चिराग की पार्टी के मंत्री हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here