बीजेपी ने बिहार में दिलीप जायसवाल को राजस्थान में मदन राठौड़ को सौंपा अध्यक्ष पद का कमान

0
217

बीजेपी ने बिहार और राजस्थान में नए अध्यक्ष मनोनीत कर दिए हैं। गुरुवार को देर रात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर बीजेपी के मुख्यालय प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने इन दोनों प्रदेशों के नए अध्यक्षों के नाम का मनोनयन पत्र जारी कर दिया ।

बीजेपी ने विधान पार्षद (एमएलसी) व राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डा. दिलीप जायसवाल को नया प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है। वैश्य जाति में कलवाड़ समुदाय से आने वाले दिलीप जायसवाल पूर्व में पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर जायसवाल ने राष्ट्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया है।

कांग्रेस की पृष्ठभूमि से आने वाले दिलीप जायसवाल नीतीश सरकार में मंत्री और सीमांचल में बीजेपी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। इसमें अहम बात यह है कि पार्टी ने लगातार चौथी बार पिछड़ा समुदाय के व्यक्ति को बिहार की कमान दी है। इससे पहले सम्राट चौधरी, संजय जायसवाल और नित्यानंद राय भी पिछड़ा वर्ग से ही प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बनाए गए थे। त्रिस्तरीय पंचायत क्षेत्र से विधान परिषद के सदस्य के रुप में दिलीप जायसवाल लगातार तीसरी बार चुन कर आए हैं।

गौरतलब है कि 23 मार्च, 2023 को सम्राट चौधरी को बिहार बीजेपी के अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया था। तब सम्राट चौधरी विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में थे। अब वे नीतीश कुमार की सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं।

बीजेपी ने राज्य सभा सदस्य मदन राठौड़ को राजस्थान में बीजेपी का अध्यक्ष घोषित किया है।घांची समाज से आने वाले मदन राठौड़ पूर्व में वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में राज्य विधान सभा के उप मुख्य सचेतक रह चुके हैं। मदन राठौड़ को सीपी जोशी के इस्तीफा देने के बाद नियुक्त किया गया है। जोशी ने एक दिन पहले ही दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मिलकर अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here