बाबा नीब करौरी के कैंची धाम में होता है चमत्कार, स्टीव जॉब्स से लेकर जूलिया राबर्ट्स भी रह चुके हैं बाबा के भक्त

0
278

विकास कुमार
उत्तराखंड की शांत वादियों में बना कैंची धाम अपने चमत्कार के लिए मशहूर है। ऐसी मान्यता है कि यहां श्रद्धा और भक्ति के साथ जाने मात्र से व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। “कैंची धाम” के नीब करौरी बाबा की ख्याति पूरी दुनिया में है। भक्तों का मानना है कि नीब करौरी बाबा हनुमान जी के अवतार थे। नैनीताल से लगभग पैंसठ किलोमीटर दूर कैंची धाम को लेकर मान्यता है कि यहां आने वाला व्यक्ति कभी भी खाली हाथ वापस नहीं लौटता। यहां पर मांगी गई मनौती पूरी हो जाती है। यही कारण है कि देश-विदेश से हज़ारों लोग यहां हनुमान जी का आशीर्वाद लेने आते हैं।

श्री हनुमान जी के अवतार माने जाने वाले बाबा के इस पावन धाम पर पूरे साल श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। बाबा नीब करौरी ने इस आश्रम की स्थापना 1964 में की थी। बाबा 1961 में पहली बार यहां आए और उन्होंने अपने पुराने मित्र पूर्णानंद जी के साथ मिल कर यहां आश्रम बनाने का विचार किया था। मान्यता है कि बाबा नीब करौरी को हनुमान जी की उपासना से अनेक चमत्कारिक सिद्धियां हासिल हुई थी। लोग उन्हें हनुमान जी का अवतार भी मानते हैं। हालांकि वह आडंबरों से दूर रहते थे। न तो उनके माथे पर तिलक होता था और न ही गले में कंठी माला। एक आम आदमी की तरह जीवन जीने वाले बाबा अपना पैर किसी को नहीं छूने देते थे। यदि कोई छूने की कोशिश करता तो वह उसे श्री हनुमान जी के पैर छूने को कहते थे।

बाबा के विदेशी भक्तों की एक लंबी लिस्ट है। बाबा के भक्त और जाने-माने लेखक रिचर्ड अल्बर्ट ने मिरेकल आफ लव नाम से बाबा पर किताब लिखी है। इस किताब में बाबा नीब करौरी के चमत्कारों का विस्तार से वर्णन है। हॉलीवुड एक्ट्रेस जूलिया राबर्ट्स, एप्पल के फाउंडर स्टीव जाब्स और फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग जैसी बड़ी विदेशी हस्तियां बाबा के भक्त हैं।

बाबा नीब करौरी के इस पावन धाम से जुड़े कई तरह के चमत्कारों की चर्चा होती है। बताया जाता है कि एक बार भंडारे के दौरान कैंची धाम में घी की कमी पड़ गई थी। बाबा जी के आदेश पर नीचे बहती नदी से कनस्तर में जल भरकर लाया गया। उसे प्रसाद बनाने हेतु जब उपयोग में लाया गया तो वह जल घी में बदल गया। ऐसे न जाने कितने किस्से बाबा और उनके पावन धाम से जुड़े हुए हैं, जिन्हें सुनकर लोग यहां पर खिंचे चले आते हैं। आप भी एक बार बाबा नीब करौरी के छांव में जाएं,आपके जीवन की कष्ट और बाधा दूर हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here