IPL 2023: रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को पांच रन से हराया

0
199

न्यूज डेस्क
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 के अबतक आठ मुकाबले हो चुके हैं। पिछले सीजन की उपविजेता राजस्थान रॉयल्स को अपने दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। पंजाब किंग्स ने राजस्थान को पांच रन से हरा दिया है। पंजाब की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 197 रन बनाए । इसके जवाब में राजस्थान की टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर 192 रन ही बना पाई और मैच पांच रन से हार गई। पंजाब के लिए शिखर धवन ने नाबाद 86 और प्रभसिमरन सिंह ने 60 रन बनाए। वहीं, राजस्थान के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। हेटमायर ने 36 और ध्रुव जूरेल ने 32 रन की पारी खेली। यह पंजाब की टीम की लगातार दूसरी जीत है। वहीं, राजस्थान की पहली हार है।

युवा बल्लेबाज प्रभसिमरन ने किया प्रभावित

इस मैच में प्रभसिमरन का जलवा खूब दिखा और पंजाब किंग्स के 22 साल के युवा बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने गुवाहाटी में अपनी बल्लेबाजी से गदर काट दिया है। प्रभसिमरन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 28 गेंदों में तूफानी अर्धशतक ठोक डाला। शिखर धवन के साथ पारी का आगाज करने उतरे प्रभसिमरन ने पहली ही गेंद से राजस्थान के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। बोल्ट को प्रभसिमरन ने आगे बढक़र जोरदार सिक्स जमाया, तो स्पिन के जादूगर कहे जाने वाले रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ युवा बल्लेबाज ने लगातार दो चौके जमाए। प्रभसिमरन ने बल्ले से बरसापारा के मैदान पर ऐसी तबाही मचाई कि जिसने भी उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी को देखा वो इस युवा बल्लेबाज का फैन हो गया। वहीं इस मैच में शिखर धवन का जलवा भी बरकरार रहा।

राजस्थान की शुरुआत रही खराब

वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरे राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल (11) के साथ रविचंद्रन अश्विन (00) को पारी का आगाज करने भेजा लेकिन चौथे ओवर तक ही दोनों के विकेट गंवा दिए। अर्शदीप सिंह (47 रन पर दो विकेट) ने यशस्वी जायसवाल को स्थानापन्न खिलाड़ी मैथ्यू शॉर्ट जबकि अश्विन को धवन के हाथों कैच कराया. जोस बटलर भी इस बीच भाग्यशाली रहे जब सैम कुरेन की गेंद पर हरप्रीत बरार ने उनका कैच टपका दिया. बटलर और कप्तान संजू सैमसन ने अर्शदीप पर छक्के जड़े. सैमसन ने हरप्रीत और एलिस का स्वागत दो-दो चौकों के साथ किया लेकिन एलिस ने बटलर (19) को अपनी ही गेंद पर लपका.

अर्धशतक से चूके कप्तान संजू सैमसन

आखिरी ओवर बहुत ही रोमांचक रहा, राजस्थान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रनों की दरकार थी लेकिन राजस्थान रॉयल्स लक्ष्य से 5 रन पीछे रह गई। राजस्थान रॉयल्स के तीन विकेट गिरने के बाद बहुत ही सूज-बूझ के साथ बल्लेबाज़ी कर रहे कप्तान संजू सैमसन अर्धशतक से चूक गए और उनके आउट होने के बाद अब राजस्थान रॉयल्स के लिए जीत की राह मुश्किल हो गयी। और अंत में टीम को पांच रन से हार का सामना करना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here