पहले लोग सोचते थे, कैंसर तो बुढ़ापे की बीमारी है. 45-50 के बाद ही होता है. युवा तो सेफ हैं. लेकिन अब ये सोच बदल गई है।गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी, जिन्होंने 25,000 से ज्यादा एंडोस्कोपी की हैं, उन्होंने बताया है, कोलोरेक्टल कैंसर यानी बड़ी आंत का कैंसर अब 20-30-40 की उम्र में भी बहुत तेजी से बढ़ रहा है और सबसे बड़ी दिक्कत ये है, युवा लोग इन लक्षणों को गैस, बवासीर, IBS समझकर इग्नोर कर देते हैं।जब तक पता चलता है, तब तक कैंसर आगे बढ़ जाता है।इसलिए अगर ये 5 लक्षण दिखें, तो भूलकर भी इग्नोर न कीजिए।
पहला लक्षण- -मल में खून आना-
ये सबसे कॉमन और सबसे खतरनाक लक्षण है।अगर आपके मल में खून आ रहा है, मल का रंग काला हो रहा है, या टॉयलेट के बाद खून दिख रहा है, तो उसको सिर्फ बवासीर समझकर मत बैठिए।डॉ. सेठी कहते हैं, युवा लोगों में कोलोरेक्टल कैंसर का सबसे कॉमन लक्षण मल में खून आना है।20-30 की उम्र में भी अगर मल में खून आए, तो ये बवासीर ही होगा, ऐसा मानकर मत चलिए।एक बार डॉक्टर को जरूर दिखाइए।
दूसरा लक्षण- बार-बार पेट में दर्द होना-
पेट में दर्द तो कभी-कभी सबको होता है।खाना खराब हो जाए, गैस बन जाए, तो दर्द हो जाता है।लेकिन अगर पेट में दर्द बार-बार आ रहा है, ठीक होकर फिर आ रहा है, और धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है, तो वो नॉर्मल नहीं है।डॉ. सेठी के मुताबिक, कोलोरेक्टल कैंसर से पीड़ित लगभग 40% युवा मरीजों ने पेट में दर्द की शिकायत की थी।अगर आपका पेट दर्द दवा खाने के बाद भी ठीक नहीं हो रहा, या हर हफ्ते वापस आ जा रहा है, तो तुरंत जांच कराइए।
तीसरा लक्षण- बिना वजह वजन कम होना-
वजन कम होना तो सबको अच्छा लगता है।लेकिन अगर आपने डाइट नहीं बदली, एक्सरसाइज नहीं शुरू की, फिर भी वजन कम हो रहा है, तो ये खुश होने की बात नहीं, डरने की बात है।अगर वजन के साथ-साथ पेट में भी दिक्कत हो रही है, जैसे गैस, पेट फूलना, भूख कम लगना, तो ये रेड फ्लैग है।कैंसर की कोशिकाएं शरीर की ऊर्जा खा जाती हैं, इसीलिए बिना वजह वजन घटने लगता है।
4. चौथा लक्षण- पॉटी की आदत में बदलाव-
हर आदमी की पॉटी की आदत अलग होती है।किसी को सुबह होती है, किसी को 2 बार होती है।लेकिन अगर अचानक से आपकी आदत बदल जाए, तो ध्यान दीजिए. जैसे, पहले रोज साफ पॉटी होती थी, अब कब्ज रहने लगा या पहले कब्ज नहीं था, अब बार-बार पतली पॉटी आ रही है, या पॉटी की फ्रीक्वेंसी अचानक बदल गई।डॉ. सेठी कहते हैं, इसको सिर्फ IBS समझकर मत बैठिए।नया-नया कब्ज या दस्त, जो लगातार बना हुआ है, वो जांच कराने लायक है।
पांचवां लक्षण- आयरन की कमी, खून की कमी-
अगर आपकी रिपोर्ट में बार-बार आयरन कम आ रहा है, हीमोग्लोबिन कम आ रहा है, थकान लग रही है, चक्कर आ रहे हैं, तो सिर्फ आयरन की गोली खाकर मत बैठिए।डॉ. सेठी कहते हैं, आयरन की कमी, खासकर आयरन डेफिशिएंसी एनीमिया, कोलोरेक्टल कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है।कैंसर की वजह से आंत में धीरे-धीरे खून बहता रहता है, जो दिखता नहीं है।उसी से आयरन कम हो जाता है।

