केजरीवाल का ‘शीशमहल’: बेटे का कमरा 1.12 करोड़ और बेटी का 70 लाख का! बेड से लेकर झूमर तक हर सामान की कीमत का हुआ खुलासा

0
6

Arvind Kejriwal Sheesh Mahal: दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सरकारी आवास एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में है। बीजेपी सरकार ने सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड के इस बंगले को आम लोगों के देखने के लिए खोल दिया है। परिसर के बाहर इसे ‘शीशमहल’ नाम दिया गया है। केजरीवाल सरकार की ओर से बंगले पर कुल 58 करोड़ 83 लाख 66 हजार 314 रुपये खर्च हुए। यहां फर्नीचर, सजावट और इंटीरियर से जुड़ी वस्तुओं के साथ उनकी कीमतों की सूची भी लगाई गई है।

डाइनिंग टेबल और कुर्सियों की कीमत 30.52 लाख रुपये, झूमर की 11 लाख और पर्दों की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। स्लाइडिंग दरवाजों वाली बैठक पर 41.16 लाख रुपये तथा पाउडर रूम पर 5.80 लाख रुपये खर्च हुए हैं। किचन में सामान अलग-अलग मंजिलों तक पहुंचाने के लिए डंबवेटर लिफ्ट भी लगाई गई है, जिसकी कीमत 7 लाख रुपये बताई गई है। अरविंद केजरीवाल के बेटे के लिए कमरे की लागत 1.12 करोड़ रुपये से अधिक और बेटी के कमरे की कीमत 70 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है। परिसर में जिम, मसाज रूम, जकूजी और सॉना जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं। एक मसाज बेड की कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के अनुसार, सामान की कीमतों का विवरण CAG ऑडिट के बाद सामने आए आंकड़ों के आधार पर प्रदर्शित किया गया है। केजरीवाल 2015 से 2024 तक परिवार के साथ इस आवास में रहे थे।

बंगले में प्रवेश के लिए करीब 20 रुपये टिकट रखने की योजना है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज छात्रों को मुफ्त प्रवेश की सुविधा है। सरकार की योजना इसे कुछ समय बाद निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की भी है, जहां सरकारी बैठकें और कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here