Trump Tariff on India: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन भारतीय उत्पादों पर नया टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिका ने भारत पर ‘स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी’ यानी जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता होने का आरोप लगाते हुए 20 प्रतिशत शुल्क का प्रस्ताव रखा है। भारत ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि देश के किसी भी क्षेत्र में ऐसी अतिरिक्त क्षमता नहीं है।
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की सेक्शन 301 जांच में सहयोग किया है। मंत्रालय ने नोटिस पर संज्ञान लेते हुए कहा कि व्यापार संबंधी मुद्दों का हल दोनों देशों के बीच जारी बातचीत से निकाला जाना चाहिए।
टैरिफ को लेकर क्या है अमेरिकी प्रस्ताव?
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी टैरिफ सूची में भारतीय सामान पर 25 प्रतिशत तक शुल्क का प्रावधान है। हालांकि, दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होने की स्थिति में इसे घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है। अमेरिकी पक्ष का तर्क है कि अधिक उत्पादन से वैश्विक बाजार में सामान की आपूर्ति बढ़ती है, कीमतें गिरती हैं और घरेलू उद्योग प्रभावित होते हैं।
जनवरी 2027 से पहले लागू होना मुश्किल
फिलहाल ये शुल्क प्रस्ताव के स्तर पर हैं। अमेरिका ने उद्योगों और अन्य हितधारकों से सार्वजनिक सुझाव मांगे हैं। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, प्रक्रिया आगे बढ़ने पर भी टैरिफ लागू होने की शुरुआती समयसीमा जनवरी 2027 हो सकती है।
यह घटनाक्रम ऐसे वक्त आया है, जब अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट पहले ट्रंप प्रशासन के व्यापक वैश्विक टैरिफ को निरस्त कर चुका है। हालांकि, स्टील और ऑटोमोबाइल जैसे कुछ क्षेत्रों पर अलग-अलग शुल्क अब भी लागू हैं।

