बिहार में पहली बार ई-कैबिनेट, 34 प्रस्तावों पर मुहर; पटना की जलापूर्ति के लिए ₹1,794 करोड़ मंजूर,ग्राम कचहरी का बजट 6 गुना बढ़ा

0
5

Samrat Choudhary Cabinet Decisions: बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस बैठक के साथ राज्य में पहली बार ई-कैबिनेट व्यवस्था लागू हुई। अब कैबिनेट की कार्यवाही डिजिटल और पेपरलेस तरीके से होगी।

पेयजल और सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए अमृत 2.0 के तहत 1,794.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। सोन नदी का पानी औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम तक पहुंचाने की योजना का बजट बढ़ाकर 2,014.65 करोड़ रुपये कर दिया गया। वहीं, 39.21 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए करीब 193.94 करोड़ रुपये मंजूर हुए।

ग्राम कचहरी और उद्योगों को राहत

ग्राम कचहरियों का सालाना प्रशासनिक बजट 4,000 से बढ़ाकर 24,000 रुपये करने का फैसला लिया गया है। यह व्यवस्था 1 अप्रैल 2027 से लागू होगी। नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में औद्योगिक विकास के लिए क्रमशः 564.37, 480 और 250 एकड़ जमीन अधिग्रहण को मंजूरी मिली है।

11 डॉक्टर सरकारी सेवा से बर्खास्त

स्वास्थ्य विभाग के 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से हटाने का निर्णय लिया गया। इनमें डॉ. अनामिका कुमारी, डॉ. राकेश कुमार निराला, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित, डॉ. गोपीनाथ भगत, डॉ. अमित कुमार, डॉ. रवि रंजन, डॉ. मोहम्मद शाहनवाज कौसर, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. प्रसून दिवाकर, डॉ. रेखा कुमारी और डॉ. अरुण कुमार शामिल हैं।

छात्रों को फ्री प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग

पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को UPSC, BPSC और रेलवे परीक्षाओं की निशुल्क ऑफलाइन तैयारी कराने के लिए 31 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। IGIMS पटना में 64 नए पद और कल्याण विभाग में 17 पद सृजित करने को भी हरी झंडी मिली।

इसके अलावा बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद, खनिज नियमावली 2026, खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के लिए 164.51 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।

कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी के मुताबिक, ई-कैबिनेट के लिए टैबलेट पर 2 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इससे कागज और समय की बचत होगी तथा खर्च 6-7 महीने में वसूल होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here