ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की जासूसी कर रहा था चीन? गुजरात के सैन्य ठिकाने थे निशाने पर

0
4

Operation Sindoor China Spy: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन की अंतरिक्ष आधारित निगरानी को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। बेंगलुरु की स्पेस सर्विलांस कंपनी डिजांतरा के विश्लेषण पर आधारित एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के दौरान चीन के तीन जासूसी उपग्रह गुजरात के महत्वपूर्ण इलाकों पर नजर रख रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, इन उपग्रहों की निगरानी के दायरे में भारतीय सैन्य ठिकानों के साथ बंदरगाह और जामनगर स्थित रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिफाइनरी भी शामिल थी।

भुज, नलिया और जामनगर पर थी नजर

रिपोर्ट में जिन तीन चीनी उपग्रहों का उल्लेख किया गया है, उनके नाम निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगन-30 हैं। विश्लेषण के मुताबिक, इन उपग्रहों ने 10 और 11 मई को गुजरात के भुज, नलिया और जामनगर क्षेत्र पर निगरानी की थी। गौर करने वाली बात यह है कि उस समय भारत-पाकिस्तान के बीच मुख्य सैन्य गतिविधियां जम्मू-कश्मीर और पंजाब के इलाकों में केंद्रित थीं।

डिजांतरा के विश्लेषण में यह भी कहा गया है कि याओगन-43 01G जैसे उपग्रहों ने 7 मई 2025 को अपनी कक्षा में बदलाव किए थे। इसी दिन भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। रिपोर्ट के अनुसार, इस तरह के बदलावों से भारतीय सैन्य ठिकानों पर अधिक समय तक नजर रखने की क्षमता मिल सकती थी।

सैन्य अड्डों और जामनगर रिफाइनरी तक निगरानी का दायरा

रिपोर्ट में बताया गया है कि इन उपग्रहों की निगरानी के दायरे में गुजरात के कई रणनीतिक रूप से अहम स्थान थे। भुज और नलिया में भारतीय वायुसेना के महत्वपूर्ण एयरबेस मौजूद हैं। इसके अलावा, राज्य के पश्चिमी तटीय क्षेत्र में आईएनएस सरदार पटेल और आईएनएस द्वारका जैसी नौसैनिक सुविधाएं भी हैं।

जामनगर का रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स भी इस निगरानी क्षेत्र में शामिल बताया गया है। डिजांतरा के विश्लेषण के मुताबिक, यह घटनाक्रम भारत के अहम सैन्य और रणनीतिक ढांचे की अंतरिक्ष से लगातार निगरानी किए जाने की चुनौती को सामने लाता है।

पहलगाम हमले से पहले भी चीनी सैटेलाइट की गतिविधियों का दावा

रिपोर्ट में एक अन्य दावा भी किया गया है। इसके मुताबिक, पहलगाम आतंकी हमले से कुछ दिन पहले चीनी अर्थ-ऑब्जर्वेशन उपग्रहों ने पहलगाम के ऊपर कई असामान्य गतिविधियां की थीं। हालांकि, इन गतिविधियों का वास्तविक उद्देश्य क्या था, इसे लेकर रिपोर्ट में कोई निर्णायक निष्कर्ष सामने नहीं रखा गया है।

22 अप्रैल को हुआ था पहलगाम हमला, 7 मई को शुरू हुआ ऑपरेशन सिंदूर

गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने हमला कर 26 लोगों की हत्या कर दी थी। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे। इस हमले के जवाब में भारत ने 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था।

अब डिजांतरा के विश्लेषण पर आधारित रिपोर्ट में चीनी उपग्रहों की गतिविधियों को लेकर किए गए दावों ने सैन्य ठिकानों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की अंतरिक्ष से निगरानी के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here