Arvind Kejriwal Sheesh Mahal: दिल्ली का चर्चित ‘शीश महल’ अब आम लोगों के लिए खोला जाएगा। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि पहले इस परिसर को स्टेट गेस्ट हाउस में बदलने का फैसला लिया गया था, लेकिन अब इसे आम जनता के लिए खोलने का निर्णय किया गया है।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली के लोग लंबे समय से इस बंगले को देखना चाहते थे। सरकार जल्द ही इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करेगी। इसमें लोगों के घूमने की व्यवस्था, टिकट बुकिंग और रिजर्वेशन की प्रक्रिया भी बताई जाएगी।
केजरीवाल पर प्रवेश वर्मा ने लगाए आरोप
प्रेसवार्ता में मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकारी बंगला और गाड़ी नहीं लेने की बात कहने के बावजूद उनके कार्यकाल में मौजूदा बंगलों, कर्मचारियों के क्वार्टर और गैरेज को तोड़कर नया परिसर तैयार कराया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार पहले मीडिया को इस परिसर का दौरा कराएगी और फिर आम लोगों को भी इसे देखने का मौका मिलेगा।
स्मार्ट लाइटिंग से लेकर वियतनाम के मार्बल तक का जिक्र
प्रवेश वर्मा के मुताबिक, परिसर में बने कमरों में स्मार्ट लाइटिंग, महंगे पर्दे और वियतनाम से मंगाए गए मार्बल जैसी सुविधाएं हैं। उन्होंने दावा किया कि लोग खुद यहां आकर इन चीजों को देख सकेंगे।
मंत्री ने इस परिसर को दिल्ली में भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। टिकट की कीमत, प्रवेश की तारीख और बुकिंग से जुड़ी आधिकारिक जानकारी अभी सामने आनी बाकी है।

