Chhath Puja 2026: छठ पूजा में इन चार दिनों का है विशेष महत्व, एक गलती भी न हो इसलिए जान लें पूरा कार्यक्रम

0
6

Chhath Puja 2026: लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती कठोर नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। इस दौरान स्वच्छता, सात्विक भोजन, संयम और श्रद्धा का विशेष महत्व होता है।

पहले दिन व्रती पवित्र नदियों और जलाशयों में स्नान कर सूर्यदेव को जल अर्पित करेंगे। इसके बाद कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया जाएगा। दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत करेंगे।

रविवार, 15 नवंबर को डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, सोमवार, 16 नवंबर को उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

सूर्य उपासना से जुड़ी है सुख-समृद्धि की कामना

छठ पर्व में प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य और षष्ठी माता की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया सूर्यदेव की मानस बहन हैं। श्रद्धालु परिवार की खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य, संतान सुख और समृद्धि की कामना के साथ यह कठिन व्रत रखते हैं।

छठ शरीर, मन और आत्मा की शुद्धि से जुड़ा पर्व है। मान्यता है कि पूरी श्रद्धा और नियम के साथ नहाय-खाय से लेकर पारण तक अनुष्ठान करने से छठी मैया की कृपा प्राप्त होती है।

कद्दू-भात से होगी चार दिवसीय पूजा की शुरुआत

नहाय-खाय के दिन व्रती सुबह गंगा या अन्य पवित्र जलाशयों में स्नान करेंगे। गंगा तक पहुंचना संभव नहीं होने पर घर में स्नान के पानी में गंगाजल मिलाने की परंपरा भी निभाई जाती है। इसके बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देकर पूजा की शुरुआत होगी।

इस दिन प्रसाद के रूप में अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सात्विक सब्जी बनाई जाती है। कई घरों में आंवले की चासनी और पकौड़ी भी तैयार की जाती है। छठ के मुख्य प्रसाद की तैयारी भी इसी दिन से शुरू हो जाती है। गेहूं को साफ करके धोया और स्वच्छ स्थान पर सुखाया जाता है। इसकी शुद्धता बनाए रखने के लिए परिवार के सदस्य विशेष सावधानी बरतते हैं।

नहाय-खाय के प्रसाद का खास महत्व

छठ के पहले दिन कद्दू, चने की दाल और अरवा चावल से तैयार भोजन ग्रहण करने की परंपरा है। इन सात्विक व्यंजनों को धार्मिक मान्यताओं में शुद्धता और आरोग्य से जोड़ा जाता है। नहाय-खाय केवल भोजन की परंपरा नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता और संयम के साथ महापर्व की शुरुआत का प्रतीक है।

छठ महापर्व 2026: चारों दिनों का पूरा कार्यक्रम

  • नहाय-खाय: शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
  • खरना: शनिवार, 14 नवंबर 2026
  • संध्या अर्घ्य: रविवार, 15 नवंबर 2026
  • उषा अर्घ्य: सोमवार, 16 नवंबर 2026

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here