सरकारी विभागों में अब एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। तेलंगाना में हैदराबाद के पास पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन को भारत के पहले एआई बेस्ड पुलिस स्टेशन के तौर पर तैयार किया जा रहा है। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अगले महीने दिसंबर में पायलट प्रोजेक्ट के तहत भारत के पहले एआई पुलिस स्टेशन का कामकाज शुरू हो सकता है जिसमें शिकायत दर्ज करने से लेकर चार्जशीट बनाने तक जरूरी कामों में एआई का उपयोग किया जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, हैदराबाद पुलिस कमिश्नर सज्जनार ने हाल ही में इस पुलिस स्टेशन का निरीक्षण किया। अगले महीने DGP CV आनंद, पायलट प्राेजेक्ट के रूप में पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन के कामकाज में एआई के यूज की शुरुआत करेंगे।दावा है कि इस पुलिस स्टेशन को देश के पहले एआई-बेस्ड पुलिस स्टेशन के तौर पर डेवलप किया जा रहा है।पुलिस स्टेशन के कामकाज में एआई का शामिल किया जा रहा है, ताकि पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों दोनों को फायदा मिले।आने वाले दिनों में इस स्टेशन में शिकायत दर्ज करने से लेकर केस डायरी बनाने, जांच रिपोर्ट तैयार करने और चार्जशीट फाइल करने से कामों में एआई का उपयोग होगा।
इस पुलिस स्टेशन में कई सुविधाओं को पहले ही शुरू कर दिया गया है। इन्हीं में से एक है SETUtu कियोस्क। इसकी मदद से लगभग 10 भाषाओं में इस पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जो लोग स्थानीय भाषा नहीं जानते, उन्हें इस सुविधा से काफी मदद मिलती है। एआई सिस्टम पीड़ितों की भाषा को वहां की स्थानीय भाषा में अनुवाद कर देता है और पुलिस अधिकारियों तक शिकायत पहुंच जाती है। इससे समय में बचत होती है और पुलिस अधिकारी मामले में समय पर कार्रवाई कर पाते हैं।
एआई के क्षेत्र में भले ही मुख्य प्रतिस्पर्धा अमेरिका और चीन के बीच होती है, लेकिन इस तकनीक को अपनाने में भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की ग्लोबल एआई वाइब्रेंसी रिपोर्ट में भारत तीसरे स्थान पर है। रिपोर्ट दर्शाती है कि भले ही भारत में बड़े एआई मॉडलों का निर्माण नहीं हो रहा, लेकिन यहां के लोग अपने दैनिक जीवन में एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन इसका बड़ा उदाहरण है जो अपने कामकाज को आसान बनाने और लोगों तक सेवाओं को आसानी से पहुंचाने के लिए कामकाज में एआई को शामिल कर रहा है।

