India New Visa Rules 2026: भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीजा प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नई व्यवस्था के तहत वीजा की मुख्य श्रेणियां 13 से घटाकर 9 और उप-श्रेणियां 49 से कम करके 23 कर दी गई हैं। इसके अलावा, वीजा आवेदन फॉर्म में भरे जाने वाले कॉलम भी करीब 65 से 70 प्रतिशत तक घटाए गए हैं। सरकार का लक्ष्य इस नई व्यवस्था को 2026 के अंत तक पूरी तरह लागू करना है।
इस बदलाव का मकसद पर्यटन, इलाज, पढ़ाई, रिसर्च और कारोबार के लिए भारत आने वाले विदेशी नागरिकों को कम जटिल प्रक्रिया उपलब्ध कराना है।
टूरिस्ट वीजा की जगह अब मिलेगा विजिटर वीजा
नई व्यवस्था में टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर विजिटर वीजा कर दिया गया है। इसमें घूमने के साथ छोटी कारोबारी बैठकों, मेडिकल कंसल्टेशन, वेलनेस रिट्रीट, योग और भारतीय कला-संगीत से जुड़े अल्पकालिक कोर्स को भी शामिल किया गया है।
- V-1 वीजा: 30 दिन की अवधि और मल्टीपल एंट्री की सुविधा।
- V-2 वीजा: पात्रता के अनुसार 1, 5 या 10 साल तक की अवधि। इसमें पर्वतारोहण की गतिविधि भी शामिल है। इसके लिए छह महीने का अलग मल्टीपल-एंट्री प्रावधान रखा गया है।
मेडिकल वीजा पर भी बड़ा फैसला
विदेशी मरीजों की सुविधा के लिए मेडिकल वीजा की दो श्रेणियां बनाई गई हैं। M-1 वीजा सामान्य चिकित्सा उपचार के लिए और M-3 वीजा आयुष पद्धतियों से इलाज कराने वालों के लिए होगा। दोनों की डिफॉल्ट वैधता एक साल रखी गई है और इनमें कई बार भारत आने की अनुमति होगी।
मरीजों के साथ आने वाले लोगों के लिए भी अलग व्यवस्था है। M-1 धारकों के साथ आने वालों को M-2 और M-3 धारकों के साथ आने वालों को M-4 वीजा दिया जाएगा। इससे लंबे इलाज और बार-बार जांच कराने वाले मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विदेशी छात्रों और कारोबारियों को भी राहत
स्टूडेंट वीजा को S-1 और S-2 श्रेणियों में बांटा गया है। S-1 के तहत स्कूली और उच्च शिक्षा, जबकि S-2 में पीएचडी, रिसर्च, विजिटिंग फैकल्टी, इंटर्नशिप और एक्सचेंज प्रोग्राम जैसी गतिविधियां आएंगी। ‘स्टडी इन इंडिया’ पोर्टल के जरिए दाखिला लेने वाले पात्र विदेशी छात्रों को पांच साल तक या कोर्स की अवधि के अनुसार ई-S1 वीजा मिल सकता है।
वहीं, बिजनेस वीजा को B-1 और B-2 में बांटा गया है। इसके तहत लंबे समय के कारोबारी उपक्रमों से लेकर कॉन्फ्रेंस, निवेश, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फिल्म शूटिंग जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। विदेशी तकनीकी विशेषज्ञों और इंजीनियरों के लिए भी B-2 श्रेणी में विशेष प्रावधान किया गया है।
172 देशों के नागरिकों को मिल रही ई-वीजा सुविधा
फिलहाल भारत 172 देशों के नागरिकों को 13 उप-श्रेणियों में ई-वीजा सुविधा देता है। गृह मंत्रालय नई व्यवस्था के अनुरूप अपने आईटी सिस्टम को अपडेट कर रहा है। सरकार को उम्मीद है कि 2026 के आखिर तक नई वीजा प्रणाली पूरी तरह काम करने लगेगी।

