Ayodhya Deepotsav: अयोध्या में 30 लाख दीयों से जगमगाई राम की पैड़ी, 2100 ड्रोन ने आसमान में रच दिया रामायण का अद्भुत नजारा!

0
9

Ayodhya Deepotsav: अयोध्या में दीपोत्सव का नजारा इस बार बेहद भव्य और आकर्षक रहा। सूर्यास्त होते ही राम की पैड़ी पर उत्सव का माहौल बन गया। शुभ मुहूर्त में दीप प्रज्वलन शुरू होते ही 33 हजार स्वयंसेवक अपने-अपने घाटों पर दीये जलाने में जुट गए। देखते ही देखते जय श्रीराम के नारों से पूरी नगरी गूंज उठी और 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीपों की रोशनी फैल गई।

दीयों की सुनहरी चमक से राम की पैड़ी का दृश्य बेहद मनमोहक हो गया। राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और विस्तारित घाटों पर दीपों की लंबी कतारें नजर आईं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने पर लोगों ने जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहे और दीपोत्सव की भव्यता का आनंद लिया।

2100 ड्रोन ने आसमान में जीवंत किए रामायण के प्रसंग

इस बार दीपोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 2100 स्वदेशी ड्रोन का शानदार शो रहा। ड्रोन की मदद से आसमान में रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को बेहद खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया। सीता हरण, लंका दहन और रावण वध जैसे दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम के अंतिम हिस्से में भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी का दृश्य भी प्रस्तुत किया गया।

घाट नंबर 2 से 6 तक विशेष दीवार पर दिखाए गए लेजर शो ने भी लोगों का ध्यान खींचा। रोशनी और रंगों के अनूठे संयोजन ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

ड्रोन शो में दिखा राम मंदिर और राम दरबार का भव्य स्वरूप

ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान श्रीराम की वीर मुद्रा, लक्ष्मण, हनुमान, राम दरबार और भव्य राम मंदिर की आकृतियां उकेरी गईं। महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास की छवियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। संगीत और कथावाचन के साथ बदलते दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पिछले साल 1,100 ड्रोन से प्रस्तुति दी गई थी, जबकि इस बार इनकी संख्या बढ़ाकर 2,100 कर दी गई। गुजरात से पहुंचे श्रद्धालु प्रखर अग्रवाल ने आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि जगमगाते घाटों के ऊपर प्रभु श्रीराम, पुष्पक विमान और राम दरबार के दर्शन करना उनके अयोध्या आने को सार्थक बना गया।

श्रद्धालुओं की उत्सुकता को देखते हुए 9 नवंबर को एक बार फिर अयोध्यावासियों के लिए ड्रोन शो आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here