- बीरेंद्र कुमार झा
मार्च महीने की शुरुआत में ही आम लोगों को एक बड़ा झटका लगा है। होली के ठीक पहले एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के साथ-साथ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी 1 मार्च को बड़ी वृद्धि की गई है। 8 महीने के बाद घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में ₹50 की बढ़ोतरी की गई है, जबकि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में ₹350 की वृद्धि की गई है। गौरतलब है कि 6 जुलाई 2022 के बाद से ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर थे। इस बढ़ोतरी के बाद अब आम जनता को होली के पहले महंगाई का एक बड़ा झटका लगा है।
मूल्य वृद्धि के बाद एलपीजी सिलेंडर का मूल्य
आज 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ₹1053 की जगह अब ₹1103 में मिलेगा। मुंबई में यह सिलेंडर 1052.50 की जगह 1102.50 रुपए में मिलेगा।वहीं कोलकाता में अब उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी ₹1079 की जगह अब ₹1129 में मिलेगा।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की बात की जाए तो आज 1 मार्च को दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर ₹1769 की जगह अब 2119.5 रुपये में उपभोक्ताओं को मिलेगा।कोलकाता में इसकी कीमत ₹1870 थी जो अब बढ़कर 2221.5 रुपए हो गई है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में इसकी कीमत ₹1721 से बढ़कर अब 2071.5 ₹ हो गई है। वहीं चेन्नई में ₹1917 में मिलने वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर ₹2268 में मिलेगा।
पहली तारीख को होती है मूल्यों की समीक्षा
गौरतलब है कि एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए महीने का पहला दिन काफी खास होता है। यह दिन इसलिए खास होता है, क्योंकि इस दिन तेल कंपनियां अपने मूल्यों की समीक्षा करती है और एलपीजी सिलेंडर की नई कीमत पर फैसला लेती है। यानि महीने की 1 तारीख को या तो एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ती है या फिर घटती है।

