Mumbai Ghatkopar Fire: मुंबई में दिवाली के बीच बड़ा हादसा! 21 मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल पर लगी आग, तीन घायल

0
6

Mumbai Ghatkopar Fire: मुंबई के घाटकोपर पूर्व में शुक्रवार शाम एक रिहायशी इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पंतनगर की वल्लभ बाग लेन स्थित रॉयल अल्टेजा बिल्डिंग की 20वीं मंजिल पर आग भड़क उठी। इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि रॉकेट जैसे पटाखे के कारण आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मेयर रितु तावड़े के कार्यालय के मुताबिक, आग लगने की सूचना शुक्रवार रात करीब 8:08 बजे मिली थी। घटना में साईनाथ अवले (45) लगभग 27 प्रतिशत झुलस गए। उन्हें राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, निरव लोदया (34) और राजेश लोदया (47) को जायनोवा अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।

दो घंटे से ज्यादा चला आग बुझाने का अभियान

आग की गंभीरता को देखते हुए इसे लेवल-II कॉल घोषित किया गया। मुंबई फायर ब्रिगेड ने आठ से अधिक दमकल गाड़ियों और अन्य उपकरणों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया। दो घंटे से ज्यादा की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

पूरी इमारत कराई गई खाली

सुरक्षा के मद्देनजर इमारत को खाली करा लिया गया। साथ ही यह पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया कि कहीं कोई व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है। राहत और बचाव कार्य में दमकल विभाग, मुंबई पुलिस, अडानी इलेक्ट्रिसिटी, लोक निर्माण विभाग और स्थानीय वार्ड कार्यालय की टीमें शामिल रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here