Aaj Ka Mausam 31 October 2026: दिल्ली से बिहार और यूपी तक बारिश का अलर्ट, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट के आसार

0
30

Aaj Ka Mausam 31 October 2026: देश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड समेत 17 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की आशंका है। पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में तापमान 4 से 5 डिग्री तक नीचे जा सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी अंडमान सागर के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र 31 अक्टूबर के आसपास डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके असर से 2 और 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

इन 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट

IMD ने उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, मणिपुर, त्रिपुरा और असम में बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी हो सकती है।

दिल्ली में हल्की बारिश के आसार

दिल्ली-NCR में 31 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने और कुछ जगह हल्की बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 1 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और 2 नवंबर को 29 से 31 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मुरादाबाद समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 31 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम की गतिविधियां 5 नवंबर तक अलग-अलग इलाकों में जारी रहने का अनुमान है।

बिहार में भी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बारिश का दौर चल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश, झारखंड और बंगाल में भी बारिश

मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, धार, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट समेत कई जिलों में 4 नवंबर तक बारिश हो सकती है। 5 नवंबर से राज्य में राहत मिलने की संभावना है।

झारखंड और पश्चिम बंगाल में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में शनिवार को व्यापक बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में ओले और तेज हवाओं की चेतावनी

उत्तराखंड में 31 अक्टूबर को बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। यहां बारिश का असर 2 नवंबर तक रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में भी शनिवार से 2 नवंबर तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ ओले गिर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here