Weather Update 30 October 2026: अक्टूबर का महीना खत्म होने को है, लेकिन देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अभी भी बिगड़ा हुआ है। 30 अक्टूबर को उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और दक्षिणी राज्यों तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, पंजाब समेत 16 राज्यों में आंधी-बारिश का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
पूर्वी भारत में तापमान 4 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और उत्तर भारत के कई इलाकों में बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। तेज हवाओं और बारिश से किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
16 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात में मौसम खराब रह सकता है। पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों के पास तेज हवाओं का असर पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और वायुमंडलीय परिसंचरण को भी मौसम में बदलाव की वजह बताया गया है।
दिल्ली, यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली: राजधानी में बारिश और आंधी की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश: गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, लखनऊ समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी है। हवा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 21 डिग्री रहने का अनुमान है।
बिहार: पटना, गया, भोजपुर, बक्सर, जमुई, भागलपुर, मुंगेर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। पटना में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
झारखंड और पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
झारखंड: रांची, सरायकेला, रामगढ़, हजारीबाग, दुमका, लातेहार, पलामू और लोहरदगा में बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। रांची में तापमान 23 और 21 डिग्री के आसपास रह सकता है।
उत्तराखंड: नैनीताल, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, ऋषिकेश, हरिद्वार और चंपावत में बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। देहरादून में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 15 डिग्री रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर: शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, चंबा और किन्नौर में बारिश और तेज हवाओं की आशंका है। जम्मू, किश्तवाड़, अनंतनाग, कठुआ, राजौरी और उधमपुर में भी मौसम खराब रह सकता है। मनाली में तापमान अधिकतम 7 और न्यूनतम माइनस 3 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
बंगाल, पंजाब और राजस्थान में भी बारिश के आसार
पश्चिम बंगाल: कोलकाता, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, हावड़ा, दुर्गापुर, मालदा, कालिम्पोंग और पुरुलिया में बारिश तथा तेज हवाओं की चेतावनी है। हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पंजाब: होशियारपुर, संगरूर, पठानकोट, बरनाला, जालंधर, रूपनगर, चंडीगढ़ और अमृतसर में आंधी-बारिश की संभावना है। हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।
राजस्थान: जयपुर, अलवर, अजमेर, भरतपुर, टोंक, भीलवाड़ा, सीकर, झुंझुनूं, दौसा, सिरोही और अन्य इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। जयपुर में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 18 डिग्री रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश के इन इलाकों में बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश के डिंडोरी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, नीमच, शहडोल, रायसेन, मंडला, खरगोन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, छतरपुर, विदिशा, सिवनी, खंडवा, देवास और बालाघाट में मध्यम से भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। भोपाल में अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

