Mumbai ATS Action: रैपिडो राइडर निकला जैश का संदिग्ध मददगार? मोबाइल में मिली संदिग्ध सामग्री, महाराष्ट्र ATS ने किया गिरफ्तार

0
23

Mumbai Terror Case: मुंबई की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने माहिम इलाके से 33 वर्षीय मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का संदेह है। मूल रूप से बिहार का रहने वाला आरोपी पिछले करीब 10 वर्षों से मुंबई में रह रहा था और रैपिडो ड्राइवर के साथ-साथ परफ्यूम बेचने का काम भी करता था।

मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच

ATS अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ पोस्ट और जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर से जुड़ी ऑडियो क्लिप मिली हैं। एजेंसी उसके सोशल मीडिया अकाउंट और एक टेलीग्राम ग्रुप में उसकी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।

जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी के पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों से कोई संपर्क था या नहीं। मामले की जांच मुंबई ATS की कालाचौकी यूनिट कर रही है।

BNS की धारा 196(1) के तहत मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1) के तहत केस दर्ज किया गया है। यह प्रावधान विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने से जुड़े मामलों पर लागू होता है। शुक्रवार को अदालत ने आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया। फिलहाल ATS डिजिटल साक्ष्यों और संभावित संपर्कों की जांच कर रही है।

मसूद अजहर का नाम कई आतंकी मामलों से जुड़ा

जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर का नाम कई बड़े आतंकी मामलों में सामने आया है। दिसंबर 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 के अपहरण के बाद यात्रियों की रिहाई के बदले भारत सरकार ने मसूद अजहर समेत तीन आतंकियों को रिहा किया था। इसके बाद वर्ष 2000 में उसने जैश-ए-मोहम्मद की स्थापना की। भारत सरकार ने 2019 में UAPA के तहत मसूद अजहर को आतंकवादी घोषित किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here