लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारत यात्रा को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को लेकर विदेश मंत्रालय उलझन में है। राहुल गांधी ने दावा किया कि विदेश मंत्रालय के अधिकारी इस बात को लेकर भ्रमित हैं कि क्या हो रहा है।
X’ पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा कि मिस्टर रुबियो ने अपने कर्मचारी को मुंबई बुलाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी, विदेश मंत्रालय में आपके अधिकारी इस बात को लेकर उलझन में हैं कि क्या हो रहा है। राहुल गांधी ने pi एम मोदी पर कटाक्ष करते हुए यह कहा, आप शायद समझाना चाहेंगे। बेशक, अगर आप चाहते हैं कि मैं समझाऊं तो बात अलग है।
राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो भारत की यात्रा करने वाले हैं और उनके मुंबई में विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित भारतीय अधिकारियों से मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है। इससे एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी रुबियो की यात्रा को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने सवाल किया था कि भारत में विदेश मंत्री के कार्यक्रम की जानकारी विदेश मंत्रालय के बजाय अमेरिकी राजदूत की ओर से क्यों दी जा रही है।
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि रुबियो अपनी मुंबई यात्रा के दौरान भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और अमेरिका को उम्मीद है कि जयशंकर भी वहां मौजूद रहेंगे। इस टिप्पणी पर जयराम रमेश ने विदेश मंत्रालय की चुप्पी पर सवाल उठाया था। अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक उज्बेकिस्तान और भारत की यात्रा पर रहेंगे। वह उज्बेकिस्तान के समरकंद में ‘सी5+1’ मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेने के बाद भारत आएंगे और मुंबई के साथ ही गुजरात के जामनगर जाएंगे।

