L Murugan Resigns: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता छोड़ने की अनुमति भी मांगी है। मुरुगन ने इसकी वजह जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर तमिलनाडु में पार्टी के संगठन का विस्तार करने की इच्छा बताई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में मुरुगन ने अनुरोध किया कि उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाए, ताकि वह अपना पूरा समय राज्य में पार्टी को मजबूत करने में लगा सकें। उन्होंने यह पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किया।
मुरुगन ने अपने संदेश में कहा कि वह गांवों और गलियों तक पहुंचकर लोगों से मिलना चाहते हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं। उनका लक्ष्य तमिलनाडु के हर हिस्से में पार्टी की मौजूदगी बढ़ाने में योगदान देना है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और तमिलनाडु की सेवा करने को अपने जीवन का बड़ा सम्मान बताया। अब उनका जोर राज्य में संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संपर्क पर रहेगा।

