सिम निकालने के लिए फोन में नहीं डालनी चाहिए आलपिन या सुई

0
44

क्या फोन से सिम निकालने के लिए सुई जैसी किसी भी नोकीली चीज का इस्तेमाल किया जा सकता है? यह सवाल अक्सर तब सामने खड़ा होता है, जब फोन से सिम कार्ड निकालना हो और इसके लिए सिम निकालने वाली सुई यानी कि सिम इजेक्टर पिन न मिले। ऐसे में लोग किसी भी नुकीली चीज जैसे कि कपड़े सिलने वाली सुई, ऑल पिन या टूथ पिक तक का इस्तेमाल करने से कतराते नहीं। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो जाने-अनजाने आप अपने फोन को बुरी तरह से खराब कर सकते हैं।

दरअसल सिम ट्रे को बाहर निकालने के लिए दिए गए छेद में कोई बटन नहीं होता, जिसे सुई जैसी पतली चीज से दबारकर ट्रे को बाहर निकाला जा सकता है। इसमें एक स्प्रिंग आधारित लीवर जैसा सिस्टम काम करता है, जिसे कि तय दबाव और सही चौड़ाई वाले टूल से ही दबाया जाना चाहिए। किसी भी नुकीली चीज का इस्तेमाल आपके फोन की वाटरप्रूफिंग सील, मदरबोर्ड और यहां तक कि सिम ट्रे को फोन में पकड़कर रखने वाले सिस्टम को ही खराब कर सकता है।

अगर आप जल्दबाजी में कपड़े सिलने वाली पिन या ऑलपिन से सिम ट्रे को बाहर निकालने की कोशिश करते हैं, तो सिम ट्रे को होल्‍ड करके रखने वाला सिस्टम ही खराब हो सकता है। ऐसे में आपको फोन में नई सिम ट्रे या फोन के पूरे फ्रेम को बदलवाना पड़ सकता है।
इसके अलावा सिम ट्रे को निकालने के लिए दिए छेद में नुकीली सुई जैसी चीज घुसाने से सिम ट्रे के लीवर का आकार बिगड़ सकता है। आपने गौर किया होगा कि फोन के डिब्बे में मिलने वाला सिम इजेक्टर पिन नोकीली नहीं होती। ऐसा इस वजह से होता है ताकि उस पॉइंट का शेप बरकरार रहे, जहां जाकर वह पिन टकराती है और सिम ट्रे को बाहर निकालती है।
सिम ट्रे निकालने के लिए दिए छेद में अगर ज्यादा पतली पिन घुसा दी जाए, तो वह टूटकर उस छेद में फंस भी सकती है। जिसके बाद फोन को सर्विस सेंटर ले जाने के अलावा कोई चारा नहीं बचता।
कई स्मार्टफोन मॉडल्स में सिम ट्रे के पास ही नॉइज कैंसलेशन या प्राइमरी माइक्रोफोन का छेद भी होता है। अगर आप गलती से सुई जैसी पैनी चीज को माइक के छेद में डाल देते हैं, तो वह वाटरप्रूफिंग सील और माइक को फाड़कर आपका भारी खर्चा करा सकती है।

गौर करने वाली बात है कि माइक के लिए दिए इस तरह के छेद को सिम इजेक्टर पिन को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया होता है और उसमें सिम इजेक्टर पिन को डालने से माइक को नुकसान नहीं पहुंचता।

इतना ही नहीं सिम ट्रे के अंदर की तरफ चारों ओर एक रबर की सील मौजूद होती है, जिसे गैस्केट कहा जाता है। यह आपके फोन में धूल-मिट्टी को और पानी को जाने से रोकती है। सिम ट्रे में नुकीली चीज घुसाने से यह रबर सील कट सकती है, जिससे आपके फोन की वाटरप्रूफ सील खत्म हो जाती है और आपका फोन आसानी से खराब हो सकता है।
आपने गौर किया होगा कि अलग-अलग कंपनियों के स्मार्टफोन के बॉक्स में अलग-अलग तरह के सिम इजेक्टर पिन होते हैं। इनके आकार और साइज भी अलग-अलग होते हैं। हालांकि सभी का सिरा नुकीला होने के बजाय आगे से सपाट और गोल होता है।

हर कंपनी अपने बॉक्स में देने वाले पिन की मोटाई बिल्कुल उतनी रखती है, जितना उनके फोन की सिम ट्रे को बाहर निकालने वाले लिवर को दबाने के लिए जरूरी होता है।

ऐसे में अपने फोन के साथ बॉक्स में आने वाली सिम इजेक्टर पिन का इस्तेमाल करना जरूरी हो जाता है, ताकि सिम ट्रे बिना किसी झटके या नुकसान के तुरंत बाहर आ सके।
आप दूसरे स्मार्टफोन के बॉक्स में मौजूद पिन को इस्तेमाल करके भी आप अपने फोन की सिम ट्रे निकाल सकते हैं। हालांकि, कई बार साइज और मोटाइ अलग होने से संभव है कि हर एक सिम टूल आपके फोन के साथ काम न करे। ऐसे में अपने फोन के बॉक्स में मिलने वाले पिन का ही इस्तेमाल करें।
अगर आपको सिम इजेक्टर पिन न मिले और आपके लिए फोन से पिन निकालना जरूरी हो, तो कभी भी टूथपिक, स्टेपलर पिन या सुई का इस्तेमाल न करें।

इसकी जगह आप स्टेशनरी वाली पेपर क्लिप का इस्तेमाल कर सकते हैं। पेपर क्लिप का सिरा चपटा और मोटा होता है, जो कि सिम ट्रे को निकालने के लिए दिए छेद में टूटकर फंस नहीं सकता और न ही वॉटरफ्रूफिंग या माइक तक पहुंच सकता है।

अगर ट्रे आसानी से बाहर न आए, तो जोर-जबरदस्ती न करें और आस-पास किसी से सिम इजेक्टर पिन मांग लें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here