Vande Bharat ने रचा नया इतिहास! 100 Kmph की रफ्तार से पार किया चिनाब और अंजी पुल

0
5

Vande Bharat Express: भारतीय रेलवे ने जम्मू-कश्मीर के रेल नेटवर्क पर वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार बढ़ाकर नया रिकॉर्ड कायम किया है। ट्रेन ने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब रेल ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टे रेलवे ब्रिज अंजी पुल को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पार किया।

रेलवे के इस स्पीड ट्रायल से उधमपुर-श्रीनगर-बनिहाल रेल लिंक (USBRL) पर परिचालन को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे इस रूट पर यात्रा का समय घटने और यात्रियों को तेज एवं सुविधाजनक सफर मिलने की उम्मीद है।

कटरा-बनिहाल सेक्शन पर बढ़ी ट्रेन की स्पीड

रेलवे के अनुसार श्री माता वैष्णो देवी कटरा से बनिहाल तक करीब 111 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर अधिकतम अनुमत गति 75 से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। इसी बढ़ी हुई गति का सफल परीक्षण वंदे भारत एक्सप्रेस ने किया।

ट्रेन नंबर 26401/26404 ने 100 Kmph की रफ्तार से चिनाब और अंजी पुल को पार किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस परीक्षण का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया।

चिनाब ब्रिज की क्या है खासियत?

चिनाब रेल ब्रिज USBRL परियोजना का प्रमुख हिस्सा है। यह नदी के तल से करीब 359 मीटर ऊपर बना है और इसकी लंबाई लगभग 1,315 मीटर है। वहीं अंजी ब्रिज भारत का पहला केबल-स्टे रेलवे पुल है, जो अंजी नदी की घाटी के ऊपर बनाया गया है।

इस रेल कॉरिडोर में करीब 12.77 किलोमीटर लंबी सुरंग भी मौजूद है, जो इस रूट की प्रमुख इंजीनियरिंग उपलब्धियों में शामिल है।

जम्मू-कश्मीर में बढ़ता वंदे भारत नेटवर्क

जून 2025 में कश्मीर रेल लिंक पूरा होने के बाद वंदे भारत सेवा की शुरुआत कटरा और श्रीनगर के बीच हुई थी। बाद में अप्रैल 2026 में इसे जम्मू तवी तक विस्तार दिया गया और ट्रेन के कोचों की संख्या भी 8 से बढ़ाकर 20 कर दी गई।

रेल मंत्रालय के मुताबिक जम्मू और श्रीनगर के बीच नियमित सेवा 2 मई से शुरू हुई। मंत्रालय ने अगस्त में बताया था कि रेलवे नेटवर्क के करीब 81 फीसदी हिस्से को 110 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक की गति के लिए अपग्रेड किया जा चुका है, जबकि 2014 में यह आंकड़ा करीब 40 फीसदी था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here