Jammu Kashmir Kathua CISF Firing: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र में स्थित सेवा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में मंगलवार शाम CISF कैंप के भीतर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। एक हेड कांस्टेबल पर अपने ही साथियों पर सर्विस राइफल से गोली चलाने का आरोप है। घटना में असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार CISF कर्मियों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
फायरिंग में चार जवानों की मौत
घटना कठुआ के बसोहली इलाके के माश्का गांव में स्थित सेवा हाइडल प्रोजेक्ट के पास हुई। मृतकों की पहचान असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद रफीक के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल होने के बाद सभी को हिमाचल प्रदेश स्थित NHPC अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी हेड कांस्टेबल पुलिस की हिरासत में
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार सिंह, जो 2009 बैच का बताया जा रहा है, का सहकर्मियों के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद उसने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से फायरिंग कर दी। कुछ रिपोर्टों में विवाद को छुट्टी से जुड़े मुद्दे से जोड़ा गया है, जबकि अधिकारियों के अनुसार घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों की जांच अभी जारी है।
CISF और स्थानीय पुलिस दोनों मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया। अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी तक पहुंचने वाली परिस्थितियों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।

