Bihar News: बेगूसराय ने रचा इतिहास, डिजिटल हेल्थ में मिला राष्ट्रीय सम्मान; बना Best Performing Model District

0
4

Bihar News: बिहार के डिजिटल स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत बेगूसराय जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। जिले को 5 लाख से अधिक आबादी वाले जिलों की श्रेणी में “Best Performing Model District” का पुरस्कार मिला है।

यह सम्मान आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) के 8 वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के 5 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘आरोग्य मंथन 2026’ कार्यक्रम में प्रदान किया गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा ने यह पुरस्कार बिहार स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव और बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (BSSS) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा, IAS को प्रदान किया।

डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में बेगूसराय की उपलब्धि

बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के नेतृत्व में राज्य में ABDM के विभिन्न घटकों को लागू करने और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ने के साथ नागरिकों तक डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक आसान और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।

बेगूसराय को मिला यह सम्मान जिला प्रशासन, जिला ABDM टीम, स्वास्थ्य संस्थानों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य संबंधित विभागों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया गया है।

बिहार की डिजिटल हेल्थ यात्रा को मिली पहचान

बेगूसराय की यह उपलब्धि राज्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन को मिली राष्ट्रीय पहचान के तौर पर देखी जा रही है। बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति ने इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन, ABDM टीम, स्वास्थ्य संस्थानों, स्वास्थ्यकर्मियों और सभी संबंधित हितधारकों को बधाई दी है।

यह सम्मान बिहार में डिजिटल हेल्थ सिस्टम को मजबूत करने और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के विस्तार के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here