पटना: बिहार में ईंट उद्योग से जुड़ी समस्याओं को लेकर खान एवं भूतत्व विभाग ने समाधान की दिशा में पहल शुरू की है। बिहार ईंट निर्माता संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में कोयले की उपलब्धता, कोयला कोटा बढ़ाने, कर भुगतान की प्रक्रिया आसान बनाने और गंगा की गाद के उठाव समेत कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में सचिवालय स्थित कार्यालय में हुई बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ बिहार ईंट निर्माता संघ के पदाधिकारी भी शामिल हुए। मंत्री ने संघ की ओर से रखी गई समस्याओं पर विभाग की ओर से सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिया।
कोयला मिलने में आने वाली दिक्कत दूर करने की मांग
ईंट निर्माताओं ने बैठक में बिहार स्टेट माइनिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से पहले की तरह कोयला उपलब्ध कराने की व्यवस्था में आ रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। संघ ने केंद्र सरकार के कोयला मंत्रालय से ईंट उद्योग के लिए कोयले का निर्धारित कोटा बढ़ाने का अनुरोध करने की मांग भी रखी।
ईंट उद्योग के लिए कोयले की उपलब्धता एक प्रमुख विषय रही, जिस पर विभाग और संघ के बीच विस्तार से चर्चा हुई।
टैक्स जमा करने की प्रक्रिया होगी आसान
बैठक में खनन विभाग से संबंधित करों के भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने का प्रस्ताव भी सामने आया। विभाग ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर विचार कर रहा है, जिसमें ईंट निर्माता निर्धारित बैंक खाते में सीधे कर जमा कर सकें और उसकी रसीद या भुगतान प्रमाण विभाग को उपलब्ध करा सकें। इस व्यवस्था का उद्देश्य कर भुगतान से जुड़ी प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और सरल बनाना है।
गंगा की गाद के उठाव में भी मिलेगा सहयोग
बैठक में गंगा और उसकी सहायक नदियों से निकलने वाली गाद के उठाव से जुड़े विषय पर भी चर्चा हुई। मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि ईंट निर्माताओं को गाद उठाने के कार्य में आवश्यक सुविधा और सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में विभाग काम करेगा।
मंत्री बोले- समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता
मंत्री ने ईंट उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि ईंट निर्माताओं से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए विभाग सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम करेगा और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अवनीश कुमार सिंह, बिहार ईंट निर्माता संघ के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी मन्नु, सचिव मनीष कुमार, नालंदा जिला ईंट निर्माता संघ के सचिव सतीश चौहान सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

