आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। गृह मंत्रालय ने ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ को UAPA के तहत सीधे आतंकी संगठन घोषित कर दिया। 16 सितंबर को इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया गया है। यह गैंग सीमा पार से हमारे देश में हथियार, गोला-बारूद और ड्रग्स की तस्करी कर रहा था, सिर्फ इतना ही नहीं, यह युवाओं और छोटे-मोटे अपराधियों को लालच देकर आतंक के रास्ते पर धकेलने का काम भी करता था।इसके तार सीमा पार से जुड़े हैं, जहां से यह भारत में नफरत फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर भड़काऊ चीजें पोस्ट करता था।
गृह मंत्रालय ने यह कार्रवाई UAPA कानून की धारा 35(1)(a) के तहत की है। यह नियम केंद्र सरकार को किसी भी खतरनाक गिरोह को ‘आतंकी संगठन’ घोषित करने की ताकत देता है। इस कानून में देश के सभी प्रतिबंधित आतंकी संगठनों (जैसे लश्कर और जैश) की एक तय लिस्ट होती है। सरकार ने अब इस लिस्ट को अपडेट कर दिया है और ‘शाहजाद भट्टी नेटवर्क’ को 46वें नंबर पर आतंकी संगठन के तौर पर शामिल कर लिया है।
गृह मंत्रालय ने जारी किए गए नोटिफिकेशन में बताया है कि इस नेटवर्क के खिलाफ देश भर में अब तक 80 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। ये मामले UAPA, भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज हैं।
हाल में शाहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ हाल ही में देशभर में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा अभियान चलाया था। 12 अगस्त को देश के 14 राज्यों में एक साथ छापेमारी की गई थी। इस ऑपरेशन में नेटवर्क से जुड़े 200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
छापेमारी के दौरान नेटवर्क के ठिकानों से IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, अत्याधुनिक पिस्तौल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले सीसीटीवी कैमरे बरामद हुए।ये साक्ष्य साफ तौर पर साबित करते हैं कि इस सिंडिकेट की जड़ें सीमा पार से सीधे जुड़ी हुई थीं। अब आतंकी संगठन घोषित होने के बाद सरकार इनके ठिकानों और संपत्तियों पर और सख्त कार्रवाई करेगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस, एटीएस (ATS) और एसटीएफ (STF) ने मिलकर इस पूरे गिरोह पर बड़ा एक्शन लिया है। अब तक इस मामले में 12 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अलग-अलग जगहों से गिरोह के 52 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनके पास से हथियार और आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ है।
उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि ‘पाकिस्तान में बैठा गैंगस्टर शहजाद भट्टी इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए हमारे देश के युवाओं को भड़का रहा था, वह उन्हें पैसों और काम का लालच देकर आतंक और जुर्म के रास्ते पर धकेलने की कोशिश कर रहा था।देश की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों पर भी सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

