गया: पासपोर्ट बनवाने या उससे जुड़ी सेवाओं के लिए अब गया और आसपास के लोगों को दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से बोधगया और शेरघाटी में विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप लगाया जा रहा है।
बोधगया में यह शिविर 21 और 22 सितंबर 2026 को बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति परिसर में होगा, जबकि शेरघाटी में 23 से 25 सितंबर तक अनुमंडल कार्यालय परिसर में पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
5 दिन में 275 अपॉइंटमेंट स्लॉट
पांच दिवसीय कैंप के लिए कुल 275 स्लॉट जारी किए गए हैं। हर दिन 55 आवेदकों को सेवा देने की व्यवस्था होगी। इनमें बोधगया के लिए 110 और शेरघाटी के लिए 165 स्लॉट रखे गए हैं। इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर जाकर अपनी सुविधा के अनुसार स्थान चुनकर अपॉइंटमेंट ले सकते हैं।

बढ़ रही पासपोर्ट की मांग
गया में पासपोर्ट सेवाओं की मांग लगातार बढ़ी है। वर्ष 2021 में 7,518 आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 13,193 हो गई। इसी दौरान प्रोसेस किए गए आवेदनों की संख्या भी 6,988 से बढ़कर 12,380 हो गई।
यह मोबाइल वैन कैंप अप्रैल 2024 के बाद बिहार में आयोजित होने वाला 21वां शिविर होगा। अब तक ऐसे कैंपों के जरिए करीब 3,000 आवेदकों को उनके नजदीक पासपोर्ट सेवा मिल चुकी है।
आवेदकों को सलाह दी गई है कि अपॉइंटमेंट केवल आधिकारिक पासपोर्ट सेवा पोर्टल से ही बुक करें और निर्धारित समय पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ कैंप स्थल पर पहुंचें। 1 जुलाई 2026 से लागू संशोधित पासपोर्ट शुल्क इन शिविरों में भी प्रभावी रहेगा। अनधिकृत एजेंटों और बिचौलियों से बचने की भी अपील की गई है।

