Pakistan vs England Test Series: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में लगातार दो हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम में बड़ा फेरबदल किया है। बर्मिंघम में होने वाले तीसरे और आखिरी टेस्ट से पहले बोर्ड ने सात खिलाड़ियों को टीम से रिलीज कर स्वदेश लौटने का निर्देश दिया, जबकि उनकी जगह सात नए चेहरों को टेस्ट स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
पीसीबी के इस फैसले को इंग्लैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद उठाए गए बड़े कदम के तौर पर देखा जा रहा है। तीन मैचों की सीरीज में पाकिस्तान पहले ही 0-2 से पिछड़ चुका है और अब उसकी नजर आखिरी मुकाबले में वापसी पर होगी।
सात खिलाड़ियों को टीम से किया गया रिलीज
पीसीबी के मुताबिक मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, मुहम्मद अवैस जफर और खुर्रम शहजाद को टीम से बाहर कर दिया गया है।
इन खिलाड़ियों की जगह सात नए खिलाड़ियों को टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। नए खिलाड़ियों में साइम अयूब, अब्दुल्ला फजल, अराफात मिन्हास, साद बेग, मुहम्मद रंधावा, रजाउल्लाह और मुहम्मद इमरान जूनियर के नाम शामिल हैं। बोर्ड के अनुसार नए खिलाड़ी बर्मिंघम में तीसरे टेस्ट से पहले टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव
PCB ने सिर्फ खिलाड़ियों में ही बदलाव नहीं किया, बल्कि कोचिंग टीम में भी फेरबदल किया है। सरफराज अहमद को मुख्य कोच और उमर गुल को गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। इन दोनों की जगह क्रमशः माइक हेसन और एश्ले नॉफ्के को जिम्मेदारी दी गई है। लगातार हार के बाद टीम प्रबंधन में हुए इस बदलाव को PCB की रणनीति में बड़े परिवर्तन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
पहले दो टेस्ट में पाकिस्तान का खराब प्रदर्शन
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबलों में पाकिस्तान को एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराया। इसके बाद लॉर्ड्स में हुए दूसरे टेस्ट में भी पाकिस्तान की टीम मुकाबला नहीं बचा सकी और इंग्लैंड ने उसे 194 रन से शिकस्त दी। लगातार दो हार के बाद पाकिस्तान तीन मैचों की सीरीज गंवा चुका है। अब बर्मिंघम टेस्ट उसके लिए सम्मान बचाने का आखिरी मौका होगा।
WTC Points Table में भी पाकिस्तान की स्थिति खराब
पाकिस्तान का प्रदर्शन सिर्फ इस सीरीज में ही चिंता का कारण नहीं है। World Test Championship (WTC) की अंक तालिका में भी टीम निचले स्थानों पर है। इंग्लैंड के खिलाफ दोनों मुकाबले गंवाने के बाद पाकिस्तान के लिए WTC अभियान और मुश्किल हो गया है। ऐसे में तीसरे टेस्ट में जीत हासिल करना टीम के लिए बेहद अहम होगा।
सात नए खिलाड़ियों में दो ने अभी तक नहीं खेला इंटरनेशनल क्रिकेट
PCB द्वारा शामिल किए गए सात नए खिलाड़ियों में से पांच खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव रखते हैं। वहीं, मुहम्मद रंधावा और रजाउल्लाह ने अभी तक पाकिस्तान का किसी भी स्तर पर प्रतिनिधित्व नहीं किया है। इन दोनों को टीम में शामिल करना PCB के फैसले को और भी चौंकाने वाला बनाता है। अब देखना होगा कि तीसरे टेस्ट में इनमें से किन खिलाड़ियों को अंतिम एकादश में मौका मिलता है।
बर्मिंघम टेस्ट में पाकिस्तान की संशोधित टीम
बर्मिंघम में होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए पाकिस्तान की संशोधित टीम में ये खिलाड़ी शामिल हैं:
बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अराफात मिन्हास, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मुहम्मद इमरान, मुहम्मद इमरान जूनियर, मुहम्मद गाजी गोरी, रजाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), साइम अयूब, साजिद खान, सऊद शकील, शान मसूद और उबैद शाह।
अब आखिरी टेस्ट में वापसी की चुनौती
दो टेस्ट गंवाने के बाद पाकिस्तान के सामने अब सीरीज का आखिरी मुकाबला बचा है। टीम में सात बदलाव और कोचिंग स्टाफ में फेरबदल के बाद पाकिस्तान नए संयोजन के साथ मैदान पर उतर सकता है। दूसरी ओर, इंग्लैंड पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है और उसकी कोशिश आखिरी मुकाबला जीतकर पाकिस्तान का क्लीन स्वीप करने की होगी। ऐसे में बर्मिंघम टेस्ट दोनों टीमों के लिए अलग-अलग वजहों से महत्वपूर्ण रहने वाला है।

